पोस्टल बैलट व होम वोटिंग के लिए पदाधिकारियों को दिया प्रशिक्षण…

धनबाद(DHANBAD) जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा के निर्देश पर भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) सह प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी श्री संतोष गुप्ता के नेतृत्व में आज श्री श्री लक्ष्मी नारायण ट्रस्ट (एसएसएलएनटी) महिला महाविद्यालय में पोस्टल बैलट एवं होम वोटिंग के लिए राजपत्रित पदाधिकारियों (गैजेटेड ऑफिसर्स) तथा माइक्रो ऑब्जर्वरों को प्रशिक्षण दिया गया।

इसकी जानकारी देते हुए डीसीएलआर ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देश के अनुसार लोकसभा चुनाव में चुनावी कार्य व आवश्यक सेवा में लगे कर्मियों को पोस्टल बैलेट तथा 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता, 40% से अधिक दिव्यांग मतदाता, जिन्होंने होम वोटिंग का विकल्प चुना है, को होम वोटिंग की सुविधा प्रदान करनी है। वहीं जिला प्रशासन ने होम वोटिंग एवं पोस्टल बैलेट से शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया है।

साथ ही बताया कि प्रशिक्षण के दौरान सभी को मतदाता को पोस्टल बैलेट से मतदान की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी देने, मतदान के बाद पोस्टल बैलट को मोड़ने, मतदान की गोपनीयता बरकरार रखने, वीडियो रिकॉर्डिंग करने, सीलिंग करने, पोस्टल बैलट स्ट्रांग रूम में जमा करने, सभी तरह के प्रपत्र, लिफाफे, एनेक्सचर सहित अन्य विषय पर प्रशिक्षण दिया गया।

डीसीएलआर ने बताया कि होम वोटिंग के दौरान मतदाता का घर ही मतदान केंद्र होगा। मतदान केंद्र की तरह वहां वोटिंग कंपार्टमेंट लगेगा। पोलिंग पार्टी के साथ सुरक्षाकर्मी मौजूद रहेंगे।

होम वोटिंग के साथ पोस्टल बैलट के लिए विभिन्न फेलिसिटेशन सेंटर में प्रतिनियुक्त राजपत्रित पदाधिकारियों को भी प्रशिक्षण दिया गया।

पोस्टल बैलट के लिए एसएसएलएनटी महिला महाविद्यालय, पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज, गुरु नानक कॉलेज, पुलिस लाइन, गोल्फ ग्राउंड, जैप-3 गोविंदपुर, जीआरपी, धनबाद पॉलिटेक्निक, कृषि बाजार, निरसा पॉलिटेक्निक तथा रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में फेलिसिटेशन सेंटर बनाया जाएगा।

मौके पर डीसीएलआर श्री संतोष गुप्ता, पोस्टल बैलट कोषांग के श्री संजय कुमार झा, अंचल अधिकारी धनबाद श्री शशिकांत सिंकर, जिला शिक्षा पदाधिकारी सुश्री निशु कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री भूतनाथ रजवार, अंचल अधिकारी पुटकी श्री विकास आनंद, जिला मत्स्य पदाधिकारी श्रीमती उषा किरण, जिला कृषि पदाधिकारी श्री शिव कुमार राम, कार्यपालक दंडाधिकारी श्री रविन्द्र नाथ ठाकुर, मास्टर ट्रेनर श्री दिलीप कुमार कर्ण, श्री राजकुमार वर्मा, श्री पुष्कर चंद्र झा, श्री महफूज आलम, श्री अशोक तिवारी, श्री सुभाष कुमार, श्री कुमार वंदन सहित अन्य लोग मौजूद थे।

NEWS ANP के लिए धनबाद से कुवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट …

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *