बाघमारा के तेतुलमुड़ी कोल डंप में वर्चस्व को लेकर चले गोली बम..यूनियन मजदूरों के बीच टकराव से माहौल गर्म..

बाघमारा (BAAGHMARA): धनबाद के बाघमारा थाना क्षेत्र में BCCL के तेतुलमुड़ी कोल डंप में दो श्रमिक संगठनों के समर्थकों के बीच शुक्रवार दोपहर जोरदार टकराव हुआ है। इस दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग की गई और बमबारी भी हुई है।

पुलिस और CISF की टुकड़ियों के पहुंचने के बाद हालात काबू में, टकराव में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि BCCL एरिया-5 के सिजुआ मोदीडीह कोलियरी स्थित तेतुलमुड़ी कोल डंप पर कोयले के उठाव और लोडिंग के काम को लेकर दो गुटों के बीच एक हफ्ते से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। इनमें से एक गुट स्थानीय भाजपा विधायक ढुल्लू महतो के समर्थकों का है तो दूसरा गुट संयुक्त मोर्चा के बैनर तले एकजुट है।

इनमें से एक गुट ने कुछ दिनों से कोल डंप में कोयला लोडिंग का काम बंद करा दिया था और मैनुअल लोडिंग की मांग को लेकर धरना दे रहा था। शुक्रवार को दोनों गुट आमने-सामने हो गए। नारेबाजी के बीच फायरिंग होने लगी और बमों के धमाके गूंजने लगे।

मौके पर मौजूद कई गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सूचना पाकर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सीआईएसएफ की टुकड़ियां भी बुलाई गईं। मौके से छह जिंदा बम और गोलियों के कई खोखे बरामद किए गए हैं। पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

NEWS ANP के लिए बाघमारा से धरमेन्द्र सिंह की रिपोर्ट..

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *