SSP ने SNMMCH अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा..मेडिकल छात्रों,नर्स और डॉक्टर की सुरक्षा पुख्ता करने का निर्देश..कोलकाता की घटना के बाद देश भर में सुरक्षा तंत्र चौकस

धनबाद (DHANBAD) पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता की आरजी कर सरकारी अस्पताल में मेडिकल छात्रा के साथ रेप और मर्डर की घटना के बाद देश में महिला डाक्टरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहें है..वही धनबाद SSP हृदीप पी जनार्दनन शनिवार को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ( एसएनएमएमसीएच )पहुंचे जहाँ उन्होंने पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएसपी ट्रैफिक अरविंद सिंह व अस्पताल अधीक्षक समेत अन्य भी मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अस्पताल परिसर की सुरक्षा में कई चूक को पाया जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्था दुरुस्त करने के सन्दर्भ में आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए।

एसएसपी ने एसएनएमएमसीएच परिसर में आने जाने के सभी अनावश्यक रास्तों को बंद करने का निर्देश देते हुए आवागमन हेतु एक मुख्य गेट निर्धारित कर वहां सुरक्षा कर्मी तैनात करने को कहा। गर्ल्स हॉस्टल के परिसर को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत उसके आसपास अन्य लोगों के आने जाने पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश भी दिया गया। गर्ल्स हॉस्टल की दीवार की ऊंचाई बढ़ाने के साथ कटीले तार से घेराबंदी को भी कहा गया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने एसएनएमएमसीएच परिसर से सटे सभी निजी आवास व अन्य इमरात के बीच की दीवार को ऊंचा करने व कटीले तार से घेराबंदी करने को कहा। उन्होने अनावश्यक भ्रमण करने वाले लोगों के परिसर में आने जाने पर रोक लगाने हेतु परिसर की दीवार को ऊंचा करने के साथ कई जगहों पर टूटी दीवारों को जल्द मरम्मत करते हुए सुरक्षा के मद्देनजर सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश अस्पताल प्रबंधन को दिया। हॉस्टल में रहने वाले मेडिकल छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर पोस्टमार्टम हाउस के पास कटीले तार से घेराबंदी की बात कही गई ताकि कोइ भी शख्स हॉस्टल की तरफ न जाने पाये

एसएसपी ने अस्पताल प्रबंधन को पूरे एसएनएमएमसीएच परिसर में सीसीटीवी कैमरा व स्ट्रीट लाइट जल्द लगवाने का निर्देश दिया। इसके अलावे सुरक्षा के मद्देनजर परिसर की दीवार से सटे कुछ जगहों पर चिन्हित पेड़ की कटाई व आसपास के इलाकों की झाड़ियों को साफ कराने को कहा गया ताकी सुरक्षा में कोई सेंध न लगे।

एसएसपी ने एसएनएमएमसीएच में कार्यरत डॉक्टर, नर्स, मेडिकल स्टॉफ की सुरक्षा पर चर्चा करते हुए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। SSP ने मेडिकल छात्रों के देर रात परिसर से बाहर आने जाने पर सख्त प्रतिबंध लगाने का निर्देश प्रबंधन को दिया साथ ही रात के समय विशेष निगरानी रखने को कहा साथ ही कई अन्य आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए गए।

NEWS ANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *