पुलिस की पाठशाला में नए कानून के तहत महिलाओ की सुरक्षा व अधिकारों पर विशेष चर्चा…

धनबाद(DHANBAD) 1 जुलाई से देशभर में तीन नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनयम लागू हो जाएंगे। इन नए कानूनों में आपराधिक न्याय प्रणाली में सुधार लाने के उद्देश्य से परिवर्तनकारी संशोधन पेश किए गए हैं, जिसमें समय पर न्याय प्रदान करने, पीड़ित-केंद्रित दृष्टिकोण, लैंगिक तटस्थता और महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों के लिए कड़े दंड का प्रावधान किया गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ह्रदीप पी जनार्दनन महोदय के निर्देशानुसार इन्हीं विषयों को लेकर आज एसएसएलएनटी महिला कॉलेज में धनबाद पुलिस की तरफ से पुलिस की पाठशाला अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया l

कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद छात्राओं को नए कानून के तहत महिलाओं के लिए निहित अधिकारों पर विशेष चर्चा करते हुए उन्हें सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई l

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की छात्राओं को सम्बोधित करते हुए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय 2) संदीप गुप्ता ने बताया कि नए कानूनों में महिलाओं व बच्चों के खिलाफ अपराधों के अनुसन्धान को प्राथमिकता दी गई है। दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के मामलों में अनुसन्धान दो माह के भीतर पूरी करने की व्यवस्था की गई है। नए कानून के तहत विक्टिम को अपने मामले की प्रगति पर नियमित रूप से जानकारी पाने का कानूनी अधिकार भी प्रदान किया गया है l

DSP महोदय ने बताया कि नए कानूनों में ऐसे कई प्रविधान किए गए हैं, जो न्याय की अवधारणा को मजबूत करते हैं। समयबद्ध न्याय के लिए पुलिस व कोर्ट के लिए सीमाएं भी निर्धारित की गई हैं। अंग्रेजों के बनाए कानून को ख़त्म करते हुए पहली बार छोटे अपराधों में सजा के तौर सामुदायिक सेवा का भी प्रविधान किया गया है। पुलिस विवेचना में अब तकनीक का उपयोग अधिक से अधिक होगा। इसके लिए डिजिटल साक्ष्यों को पारंपरिक साक्ष्यों के रूप में मान्यता दी गई है।

पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम के दौरान डीएसपी संदीप गुप्ता ने वहां उपस्थित छात्राओं को महिला सुरक्षा, घरेलु हिंसा व यौन अपराध से बचाव को लेकर सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से विस्तार पूर्वक जानकारी दी l किसी भी आपातकालीन स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 100/112 के इस्तेमाल करने को कहा गया l उन्होंने बताया कि महिलाओ व बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग अति गंभीर है, लिहाजा किसी भी विषम परिस्थिति में पुलिस की मदद कुछ ही मीनट में प्रदान करने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है l

पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम को पुलिस उपाधीक्षक संदीप गुप्ता के साथ पुलिस निरीक्षक सह धनबाद थाना प्रभारी राम नारायण ठाकुर ने भी सम्बोधित किया l इस दौरान एसएसएलएनटी महिला कॉलेज की प्रिंसिपल शर्मीला रानी समेत कई अध्यापिका व सैकड़ो छात्राएं मौजूद थीं l

NEWS ANP के लिए धनबाद से कुवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट …

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *