पीएम विश्वकर्मा योजना पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित..

योजना का लाभ, पात्रता, आवेदन की प्रकिया इत्यादि की दी जानकारी

सिंदरी(SINDRI): हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (हर्ल), सिंदरी के स्पंदन क्लब में आज भारत सरकार, एमएसएमई मंत्रालय की शाखा एमएसएमई-विकास कार्यालय धनबाद द्वारा पीएम विश्वकर्मा योजना पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री सुरेश प्रमाणिक, प्रमुख (हर्ल) तथा विशिष्ट अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया।सहायक निदेशक एमएसएमई धनबाद सह कार्यक्रम के संयोजक श्री सुजीत कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लाभार्थियों को योजना से मिलने वाले लाभ, पात्रता एवं आवेदन की प्रकिया इत्यादि के बारे में वृहद रुप से जानकारी देना एवं जागरुक करना है।

इस अवसर पर एमएसएमई-विकास कार्यालय, धनबाद के सहायक निदेशक प्रभारी श्री दीपक कुमार ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रूप रेखा से अवगत कराते हुए बताया कि पीएम विश्वकर्मा योजना में कारपेंटर, नाव बनाने वाले, अस्त्र बनाने वाले, लोहार, ताला बनाने वाले, हथौड़ा और टूलकिट बनाने वाले, सुनार, कुम्हार, मूर्तिकार, मोची, राजमिस्त्री, डलिया, चटाई, झाड़ू, गुड़िया और खिलौने, नाई, मालाकार, धोबी, दर्जी, मछली का जाल बनाने वाले सहित 18 पारंपरिक विद्याओं में कार्य करने वाले कारीगर और शिल्पकार सम्मिलित हैं।

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को 5 – 7 दिन का प्रशिक्षण एवं 500/- रुपए प्रतिदिन की दर से स्टाइपेंड देय होगा तथा प्रशिक्षण उपरान्त टूल किट हेतु 15 हजार रूपए ई-वाउचर के रूप में प्राप्त होंगे। प्रथम चरण में एक लाख रूपए तक का ऋण तथा द्वितीय चरण में दो लाख रूपए तक का कोलेटरल फ्री ऋण (5 प्रतिशत ब्याज की दर से) की व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षण प्राप्त करने पर पीएम विश्वकर्मा प्रमाण-पत्र और पहचान पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

मुख्य अतिथि श्री सुरेश प्रमाणिक ने कहा कि भारत सरकार की ओर से प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, विश्वकर्मा जयंती (17 सितम्बर 2023) को माननीय प्रधानमंत्री के द्वारा डिजिटली लॉंच की गई थी। इस योजना को प्रारंभ करने का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक शिल्पकारों और कारीगरों को आर्थिक सहायता एवं उन्नत उपकरण प्रदान करते हुए उनके व्यवसाय में बढ़ोतरी कराना है। जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके। उन्होंने 18 पारंपरिक विद्याओं में कार्य करने वाले कारीगरों और शिल्पकारों से इस योजना का लाभ लेने के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में पंजीकरण कराने का आह्वान किया।

उद्घाटन सत्र में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री राजेन्द्र प्रसाद एवं एलडीएम श्री अमित कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर), एसपीवी, रांची के वरिष्ठ प्रबंधक श्री शशी शंकर शुक्ला ने इस योजना में रजिस्ट्रेशन करने की प्रक्रिया, पात्रता एवं मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। कार्यक्रम में सीएससी की ओर से एक “ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन” शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें कई पारंपरिक शिल्पकारों और कारीगरों का इस योजना के तहत पंजीकरण भी किया गया।

वहीं मंच संचालन श्रीमती मौपिया मल्लिक, अधिकारी (सीएंडएम) हर्ल द्वारा किया गया। सीएससी के जिला प्रबंधक मोहम्मद अंजर हुसैन ने कार्यक्रम की समाप्ति पर धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में जिले के लगभग 250 शिल्पकारों और कारीगरों ने शामिल होकर पीएम विश्वकर्मा योजना के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त कई।

शाखा एम.एस.एम.ई.-विकास कार्यालय, धनबाद के कार्मिक श्री राकेश कुमार एवं श्री एस.के. झा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में संपूर्ण सहयोग किया।

NEWS ANP के लिए सिंदरी से अरविन्द सिंह बुन्देला की रिपोर्ट..

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *