रांची (RANCHI) रांची असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि इस बार भाजपा झारखंड में अपने चुनावी मेनिफेस्टो में आदिवासी बेटियों के साथ बांग्लादेशी घुसपैठियों की शादी को रोकने के लिए कड़े कानून बनाने का वादा कर चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि साल 1951 में असम में मुस्लिम आबादी 12% थी, वहीं वर्तमान समय में 40% हो गई है। असम में कई जिले बदल गये हैं, इसलिए मेरे लिए डेमोग्राफी चेंज जीने-मरने का मुद्दा है। इसी तरह का बदलाव झारखंड के संथाल परगना में भी हो रहा है। घुसपैठियों को चिन्हित करना और उन्हें बाहर करना बहुत बड़ी चुनौती है।
CM बिस्वा सरमा ने आज राजधानी रांची में मीडिया के सामने यह बातें कही। उन्होंने कहा कि चंपई सोरेन हेमंत सोरेन से बढ़िया काम कर रहे थे। CM पद से चंपई सोरेन को हटाने का खामियाजा JMM को भुगतना होगा। उन्होंने प्रोटोकॉल पर उठाये गये एक सवाल पर दुख जताते हुये कहा कि शुरू में ही सरकार से आग्रह किया था कि झारखंड आगमन मेरा राजनीतिक कार्यक्रम है। इसलिए मुझे कोई सुविधा नहीं चाहिये। आज भी मैं फिर दोनों हाथ जोड़कर अपनी बातें दोहरा रहा हूं कि मुझे आगे-पीछे कोई पुलिस नहीं चाहिये। सरकार प्रोटोकॉल के नाम पर मुझपर कोई खर्च न करे।
NEWS ANP के लिए रांची से Arjun की रिपोर्ट.. :