मॉक पोल से लेकर पोलिंग पार्टी के निकलने तक का माइक्रो ऑब्जर्वरों को दिया प्रशिक्षण…

धनबाद(DHANBAD) जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा के निर्देश पर आज न्यू टाउन हॉल में लोकसभा चुनाव के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के लिए माइक्रो ऑब्जर्वरों को चुनाव के दिन मॉक पोल से लेकर मतदान संपन्न होने के बाद पोलिंग पार्टी के निकलने तक, उनके दायित्व का प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण में माइक्रो ऑब्जर्वरों को उनका दायित्व समझाते हुए उपायुक्त ने कहा कि माइक्रो ऑब्जर्वर अपने मतदान केंद्रों में समय से मॉक पोल करेंगे। पहली बार प्रत्येक उम्मीदवार के लिए तीन-तीन मॉक पोल करेंगे। वहीं मतदान के दौरान यदि कंट्रोल यूनिट को रिप्लेस करने की स्थिति आती है, तब उसे रिप्लेस करके प्रत्येक उम्मीदवार के लिए एक-एक मॉक पोल करेंगे। मॉक पोल हो जाने पर कंट्रोल यूनिट से मॉक पोल के डाटा को क्लियर कर, वीवीपैट से सभी स्लिप निकाल कर लिफाफे में सीलबंद कर, ईवीएम को जीरो पर सेट करेंगे।

उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर आयोग के निर्देशानुसार समय पर मतदान शुरू कराएंगे। बूथ पर प्रत्येक उम्मीदवार के एक-एक एजेंट को मौजूद रहने की अनुमति देंगे। साथ ही यह सुनिश्चित करेंगे कि मतदान की गोपनीयता बनी रहे।

वहीं एब्सेंटी वोटर के मतदान की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए उपायुक्त ने कहा कि एब्सेंटी वोटर जब मतदान करने आते हैं तो उनके अंगूठे का निशान अवश्य लेना है। साथ ही आयोग द्वारा प्रमाणित जो भी पहचान पत्र मतदाता प्रस्तुत करें, उसका नंबर नोट करना है।

उपायुक्त ने कहा कि ईवीएम को क्लोज करते ही समय अंकित हो जाएगा। इसलिए सभी मतदान केंद्रों पर आयोग द्वारा निर्धारित समय अवधि से पहले मतदान की प्रक्रिया को बंद नहीं करना है।

उन्होंने कहा कि हर मतदान केंद्र से वेब कास्टिंग की जाएगी। इसकी सतत निगरानी की जाएगी। इसलिए सभी माइक्रो ऑब्जर्वर एवं पोलिंग पदाधिकारी अपने दायित्व का सुचारू रूप से निर्वाहन करें।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर श्री दिलीप कुमार कर्ण एवं श्री राजकुमार वर्मा ने चुनाव के दिन माइक्रो ऑब्जर्वरों के विशेष 18 दायित्व पर प्रशिक्षण दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा, उप विकास आयुक्त श्री सादात अनवर, निदेशक डीआरडीए श्री राजीव रंजन, डीसीएलआर श्री संतोष गुप्ता के अलावा माइक्रो आब्जर्वर उपस्थित थे।

NEWS ANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट..

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *