जिले में शांति व्यवस्था के लिए रहेगी दंडाधिकारी, पुलिस फोर्स की मौजूदगी,ड्रोन कैमरा से की जाएगी सघन निगरानी,सोशल मीडिया पर धार्मिक भावना आहत करने वालों के विरुद्ध की जाएगी कड़ी कार्रवाई….

धनबाद(DHANBAD): उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री वरुण रंजन की अध्यक्षता में आज न्यू टाउन हॉल में श्री राम लाल प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि समारोह को लेकर पूरे देश में हर्षोल्लास का माहौल है। वहीं जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है। जिसमें बड़ी संख्या में असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उन पर 107 की कार्रवाई की गई है।

उपायुक्त ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धार्मिक स्थलों के आसपास रात में भी पुलिस पेट्रोलिंग जारी रहेगी। उन्होंने लोगों को भी सतर्क रहने और अपने पास पड़ोस में संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर या संदिग्ध गतिविधियां की सूचना तुरंत संबंधित थाना को करने का आग्रह किया।

उपायुक्त में सभी अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी को उनके क्षेत्र में होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों की एक बार जांच कर लेने और बिना अनुमति के ऐसी गतिविधि नहीं करने देने का निर्देश दिया। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा तैयार चेक लिस्ट के अनुसार ही सभी तैयारियां को पूरा करने व धार्मिक अनुष्ठानों के संचालकों की सूची अपने पास रखने तथा डीजे पर धार्मिक सौहार्द बिगड़ने वाला गाना नहीं बजाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थलों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस फोर्स एवं वीडियोग्राफर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सोशल मीडिया पर किसी की धार्मिक भावना को आहत करने वालों के विरुद्ध जिला प्रशासन कड़ाई से निपटेगा। विभिन्न स्थलों पर अग्निशमन वाहन की तैनाती रहेगी। मेडिकल टीम एवं एंबुलेंस भी अलर्ट मोड पर रहेंगे।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदीप पी जनार्दनन ने कहा कि सोशल मीडिया का जवाबदारी पूर्ण तरीके से इस्तेमाल करें। इस पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दे। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। साथ ही उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से कहा कि सभी अलर्ट रहकर अपना दायित्व का निर्वहन करें। अपराधियों और असामाजिक तत्वों से पुलिस निपट लेगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को उपलब्ध कराए। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना और जिलों को बेहतर बनाना पुलिस का उद्देश्य है।

जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में उपायुक्त श्री वरुण रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदीप पी जनार्दनन, नगर आयुक्त श्री रवि राज शर्मा, सिटी एसपी श्री अजीत कुमार, ग्रामीण एसपी श्री कपिल चौधरी, अपर समाहर्ता श्री विनोद कुमार, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर्स श्री कमलाकांत गुप्ता, डीसीएलआर श्री सतीश चंद्रा, निदेशक डीआरडीए श्री मुमताज अली अहमद, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री सुशांत मुखर्जी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अलावा शांति समिति के सदस्य मौजूद थे।

NEWS ANP के लिए रांची से V SIngh की रिपोर्ट..

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *