भारत और चीन के बीच संबंधों को सामान्य करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए दोनों देशों के बीच बंद चल रही डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस को फिर से शुरू करने की तैयारी की जा रही है। भारत-चीन के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोनों देश इस बात पर सहमत हो गए हैं कि उड़ान संचालन फिर से शुरू होगा। दोनों पक्षों की तकनीकी टीमें उड़ान सेवाओं के लिए तकनीकी व्यवस्थाओं पर विचार कर रही हैं।
भारत ने गुरुवार को कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा जल्द ही फिर से शुरू होने की संभावना है और इस बारे में सार्वजनिक सूचना जारी की जा सकती है। भारत और चीन पिछले अक्टूबर 2024 में हुए समझौते के तहत डेमचोक और देपसांग के दो शेष टकराव बिंदुओं पर सैनिकों की वापसी पूरी करने के बाद संबंधों को सुधारने के प्रयासों के तहत कैलाश मानसरोवर यात्रा को फिर से शुरू करने पर विचार कर रहे हैं।
जल्द शुरू होगी कैलाश मानसरोवर यात्रा
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘‘हम शीघ्र ही कैलाश मानसरोवर यात्रा पर सार्वजनिक सूचना जारी करेंगे और यात्रा जल्द ही दोबारा शुरू होने की संभावना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यात्रा इस वर्ष होगी और हम इसकी तैयारियां कर रहे हैं। जल्द ही जनता के लिए अधिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।’’ कैलाश मानसरोवर यात्रा 2020 के बाद से नहीं हुई है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

