आसनसोल: कुलटी थाना क्षेत्र के नियामतपुर फाड़ी अंतर्गत डैडी ग्राउंड इलाके में नाली से ECL के एक रिटायर्ड कर्मचारी का शव मिलने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान तोहरम फैक्ट्री क्षेत्र निवासी 61 वर्षीय अपराध बाउरी के रूप में हुई है। परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने अशोक नूनिया को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है।पुलिस के अनुसार, अपराध बाउरी ने लगभग दो महीने पहले बेजेडी कोलियरी से सेवानिवृत्ति ली थी। बीते गुरुवार शाम डैडी ग्राउंड इलाके की एक नाली से उनका शव बरामद किया गया था। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया।मृतक की बेटी आशा बाउरी ने आरोप लगाया है कि उनके पिता ने अशोक नूनिया से कर्ज लिया था। परिवार का दावा है कि अशोक नूनिया सूदखोरी के कारोबार से जुड़ा हुआ है और वह अक्सर अपराध बाउरी को अपने घर ले जाकर शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कराता था।परिजनों के मुताबिक घटना वाले दिन भी अशोक नूनिया अपराध बाउरी को अपने साथ ले गया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटे। अगले दिन तलाश के दौरान अशोक नूनिया ने ही परिवार को सूचना दी कि अपराध बाउरी नाली में पड़े हुए हैं। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें कीचड़ से सनी अवस्था में पाया।घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार शाम तोहरम फैक्ट्री के पास नियामतपुर-इस्को रोड जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।सूचना मिलने पर एसीपी कुलटी जावेद हुसैन के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को उचित जांच का आश्वासन देकर सड़क जाम समाप्त कराया।इसके बाद परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच में जुटी पुलिस ने अशोक नूनिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अदालत से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की अनुमति मांगी है ताकि मौत के कारणों और मामले के अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा सके।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर जांच की अगली दिशा तय की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को लेकर कुलटी और नियामतपुर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
न्यूज़ ANP के लिए पश्चिम बंगाल से अतीकुर रहमान की रिपोर्ट

