पंजाब(PUNJAB): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को सोमवार शाम एक बार फिर मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के कुछ ही घंटों बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत पर उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया।
जानकारी के अनुसार, मोगा में पार्टी की रैली में शामिल होने के बाद जब मुख्यमंत्री मोहाली पहुंचे, तभी उन्हें असहज महसूस हुआ। करीब रात 8 बजे उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।बताया गया है कि रविवार को भी धुरी (संगरूर) के एक कार्यक्रम के दौरान उनका ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ गया था, जिसके बाद एहतियातन उन्हें मोहाली लाया गया था। उस समय जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में डॉक्टरों ने उनकी स्थिति स्थिर बताते हुये नियमित जांच के लिये अस्पताल में रखने की बात कही थी। अत्यधिक थकान की शिकायत को देखते हुये विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही थी। डॉक्टरों ने कुछ अतिरिक्त जांच कराने की सलाह दी थी, जिसकी प्रक्रिया अब पूरी की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पिछले दो दिनों में लगातार कार्यक्रमों और एक पारिवारिक समारोह में भागीदारी के कारण अत्यधिक व्यस्तता और थकान भी उनकी तबीयत बिगड़ने की वजह मानी जा रही है।फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से अगला स्वास्थ्य बुलेटिन जारी किये जाने की प्रतीक्षा है, जबकि पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मुख्यमंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

