बिहार(BIHAR): बिहार के CM सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का विस्तार अब यादगार अंदाज में होगा। ऐतिहासिक गांधी मैदान में नये मंत्रियों को राज्यपाल सैयद अता हसनैन शपथ दिलायेंगे। गुरूवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में PM नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा एवं नीतीश कुमार शामिल हो सकते हैं। वहीं, NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कई केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे। नये मंत्रिमंडल की कुल संभावित संख्या 30 होगी। इसमें भाजपा के 12, जदयू के 11, लोजपा (रा) के 2 एवं हम और रालोमो से 1-1 मंत्री हो सकते हैं। संभावना है कि अधिकतम सीमा 30 से बढ़कर 36 भी हो सकती है। संकेत है कि नीतीश सरकार के कई पुराने मंत्री फिर दिख सकते हैं। वहीं, कुछ नये चेहरों की एंट्री भी तय मानी जा रही है। संभावित नामों में भाजपा से विजय कुमार सिन्हा, राम कृपाल यादव, संजय सिंह टाइगर, श्रेयसी सिंह, मंगल पांडेय, दिलीप कुमार जायसवाल, अरुण शंकर प्रसाद, लखेंद्र पासवान, रमा निषाद, प्रमोद कुमार चंद्रवंशी एवं सुरेंद्र मेहता एवं जदयू से श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार, जमा खान, रत्नेश सदा, जयंत राज को मंत्री पद मिल सकता है। नये लोगों में मांजरिक मृणाल, अतिरेक कुमार व रूहेल रंजन के नाम की चर्चा है। संभावना है कि शीला कुमारी को भी मंत्री पद मिल सकता है। लोजपा (रा) से संजय कुमार सिंह, संजय कुमार, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा से संतोष कुमार सुमन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा से दीपका प्रकाश या स्नेहलता के नामों की भी चर्चा है। वैसे अंतिम फैसला मंच पर ही साफ होगा। खबर है कि कुल विभाग 47 हो सकते हैं। इसमें भाजपा के पास 29, जदयू के पास 18 एवं सहयोगी दलों को इन्हीं में से हिस्सा मिल सकता है।
NEWSANP के लिए बिहार से ब्यूरो रिपोर्ट

