दिल्ली(DELHI): AAP (आम आदमी पार्टी) ने दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव के लिये अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। इसकी घोषणा दिल्ली आप संयोजक सौरभ भारद्वाज ने की। मुंडका, शालीमार बाग-बी, अशोक विहार, चांदनी चौक, चांदनी महल, द्वारका-बी, दिचाऊं कलां, नारायणा, संगम विहार-ए, दक्षिण पुरी, ग्रेटर कैलाश और विनोद नगर वार्डों पर उपचुनाव होंगे। शालीमार बाग-बी वार्ड से पहले रेखा गुप्ता पार्षद थीं। वहीं द्वारका-बी वार्ड कमलजीत सहरावत के सांसद चुने जाने के बाद खाली हो गया। आम आदमी पार्टी ने कहा कि उनके उम्मीदवार जनता के मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे और दिल्ली में बेहतर नगर सेवायें देने का वादा करेंगे। नामांकन भरने की शुरुआत 3 नवंबर से हो चुकी है। अंतिम तिथि 10 नवंबर तय है। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 15 नवंबर है। वोटिंग 30 नवंबर को और मतगणना 3 दिसंबर को होगी। मीडिया खबर के अनुसार, वार्ड 164 (दक्षिण पुरी) से राम स्वरूप कनौजिया, वार्ड 163 (संगम विहार-ए) से अनुज शर्मा, वार्ड 173 (ग्रेटर कैलाश) से इश्ना गुप्ता एवं वार्ड 198 (विनोद नगर) से गीता रावत के नामों का ऐलान किया गया है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

