धनबाद: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा-2027 को लेकर धनबाद जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगामी परीक्षा के कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिले में कुल 164 परीक्षा केंद्रों का चयन किया गया है। इनमें मैट्रिक के लिए 84 और इंटरमीडिएट के लिए 80 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
मैट्रिक में 26,053 परीक्षार्थियों के लिए 84 केंद्र
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर 27 नवंबर को केंद्र चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण और उनके संबद्धीकरण पर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति ने मैट्रिक परीक्षा-2027 में शामिल होने वाले कुल 26,053 परीक्षार्थियों के लिए 84 परीक्षा केंद्रों का चयन किया है। केंद्रों का निर्धारण परीक्षार्थियों की संख्या, उपलब्ध आधारभूत संरचना और आवागमन की सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया गया।
इंटर परीक्षा के लिए 80 केंद्र निर्धारित
इंटरमीडिएट परीक्षा-2027 के लिए जिले में 25,116 परीक्षार्थियों के मद्देनजर 80 परीक्षा केंद्र चयनित किए गए हैं। इस तरह दोनों परीक्षाओं में कुल 51,169 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनके लिए जिले में 164 केंद्रों की व्यवस्था की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीएम अरविंद कुमार ओझा ने संबंधित अधिकारियों को चयनित परीक्षा केंद्रों पर सभी जरूरी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली और परीक्षार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
केंद्र चयन समिति की बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, कार्यपालक दंडाधिकारी राम नारायण, जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि सहित शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन का लक्ष्य परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराना है।

