धनबाद: ग्रामीण आवास योजनाओं के सफल संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन के लिए धनबाद जिले के एगारकुंड प्रखंड को राज्य स्तर पर सम्मान मिला है। झारखंड के पांच चयनित प्रखंडों में एगारकुंड को भी शामिल किया गया है। रांची के खेलगांव में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एगारकुंड की प्रखंड विकास पदाधिकारी माधुरी कुमारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
राज्य के पांच प्रखंडों को मिला सम्मान
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन और राज्य सरकार के दूसरे वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग की ओर से ग्रामीण आवास योजनाओं के सफल संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले राज्य के पांच प्रखंडों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने BDO माधुरी कुमारी को सौंपा प्रशस्ति पत्र
सम्मानित किए गए प्रखंडों में धनबाद जिले का एगारकुंड प्रखंड भी शामिल रहा। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एगारकुंड की प्रखंड विकास पदाधिकारी माधुरी कुमारी को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। यह सम्मान ग्रामीण आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रखंड के प्रदर्शन के लिए दिया गया।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर धनबाद के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने एगारकुंड प्रखंड की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर बेहतर समन्वय और लगातार किए गए प्रयासों से यह सफलता हासिल हुई है। जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि को ग्रामीण आवास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण माना है।

