बिहार की महिलाओं पर टिप्पणी को लेकर यश महेश्वरी की मुश्किलें बढ़ीं, LJP प्रवक्ता सोनम पासवान ने दर्ज कराई FIR

बिहार की महिलाओं पर टिप्पणी को लेकर यश महेश्वरी की मुश्किलें बढ़ीं, LJP प्रवक्ता सोनम पासवान ने दर्ज कराई FIR

पटना: बिहार की महिलाओं के सम्मान और गरिमा को लेकर कॉमेडियन यश महेश्वरी की कथित अभद्र टिप्पणी का विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मामले में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की प्रवक्ता सोनम पासवान ने पटना के गांधी मैदान थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई और सख्त सजा देने की मांग की है।

महिलाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दे पर जताई नाराजगी

सोनम पासवान ने कहा कि कॉमेडियन यश महेश्वरी ने महिलाओं और उनकी परंपराओं को लेकर जिस तरह की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की है, उससे बिहार की महिलाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि समाज में स्पष्ट संदेश जाए कि महिलाओं की संस्कृति, सभ्यता और सम्मान के खिलाफ अभद्र भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जब तक महिलाओं के सम्मान के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियां होती रहेंगी, तब तक महिलाएं अपनी आवाज उठाती रहेंगी। उनके मुताबिक, महिलाओं की गरिमा की रक्षा करना केवल महिलाओं की नहीं, बल्कि पुरुषों की भी जिम्मेदारी है।

न्याय नहीं मिला तो आंदोलन की चेतावनी

LJP (रामविलास) प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं को न्याय नहीं मिला तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को महिलाओं के सम्मान और उनकी सांस्कृतिक परंपराओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।

सोनम पासवान ने एफआईआर के जरिए मांग की है कि इस तरह की टिप्पणियों के मामलों में उचित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई हो और दोषियों को कड़ी सजा मिले। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाओं के मान-सम्मान की रक्षा के लिए उनकी आवाज आगे भी बुलंद रहेगी।

छठ और सिंदूर की परंपरा पर टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, स्टैंडअप कॉमेडियन और यूट्यूबर यश महेश्वरी के शो ‘Morally Questionable’ का एक वीडियो 21 नवंबर को उनके यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया था। इस वीडियो में बिहार की महिलाओं और छठ महापर्व के दौरान विवाहित महिलाओं द्वारा नाक से मांग तक लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी।

आरोप है कि वीडियो में सिंदूर की तुलना बेहद अभद्र तरीके से की गई। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और बिहार में इसका विरोध शुरू हो गया। कई लोगों ने इसे महिलाओं की गरिमा और छठ की धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा से जोड़कर आपत्ति जताई।

माफी के बाद भी जारी है विरोध

विवाद बढ़ने के बाद यश महेश्वरी ने 24 नवंबर को वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी और अपनी गलती स्वीकार की थी। हालांकि, उनकी माफी के बाद भी विरोध थमा नहीं। इसी मामले में 24 नवंबर को पटना साइबर थाने में भी उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

अब सोनम पासवान की ओर से गांधी मैदान थाना में एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है। इस विवाद में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच की दिशा पर सबकी नजर बनी हुई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *