आसनसोल, 27 नवंबर। पश्चिम बंगाल के आसनसोल में दो दिनों से पुलिस को चकमा दे रहे कथित कुख्यात अपराधी प्रताप दास उर्फ पैंओ को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार सुबह आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने इस्माइल इलाके में घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने के लिए कहने पर प्रताप ने पुलिसकर्मियों की ओर बंदूक तान दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई। गोली उसके दाहिने पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल ले जाया गया।
पानी की टंकी के पीछे छिपा था प्रताप दास
यह कार्रवाई आसनसोल के हीरापुर थाना क्षेत्र के इस्माइल स्थित पांजा गली के पास हुई। पुलिस के अनुसार, प्रताप एक निर्माणाधीन इमारत में पानी की टंकी के पीछे छिपा हुआ था। पुलिस अधिकारियों ने उसे बाहर आकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने निर्देश नहीं माना। आरोप है कि उसने पुलिस की तरफ बंदूक तान दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में उसके पैर को निशाना बनाकर गोली चलाई। गोली लगने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास ने बताया कि प्रताप दास को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस कार्रवाई के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने स्थानीय निवासियों को घरों के अंदर रहने की हिदायत दी थी।
बुधवार को पुलिस पर गोली चलाकर हुआ था फरार
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत बुधवार शाम हुई थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद आसनसोल दक्षिण थाना की पुलिस टीम प्रताप दास को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक, उस दौरान प्रताप ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर गोली चलाई और मौके से फरार हो गया।
इसके बाद उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गईं। आसनसोल शहर के साथ आसपास के इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया गया। गुरुवार दोपहर से देर रात तक आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के हटन रोड स्थित पूर्वाशा लेन के आसपास सघन तलाशी ली गई, लेकिन प्रताप का कोई सुराग नहीं मिला।
एक घंटे से ज्यादा चला पुलिस का ऑपरेशन
शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि प्रताप इस्माइल में अपने घर के आसपास हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिसकर्मियों ने हथियारों के साथ तलाशी अभियान शुरू किया और स्थानीय लोगों को घरों के अंदर रहने को कहा।
पुलिस ने आसपास की दीवारों पर चढ़कर भी तलाशी ली। एक घंटे से अधिक समय तक चले इस ऑपरेशन के बाद प्रताप को पकड़ने में सफलता मिली। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में उसके दाहिने पैर में गोली लगी।
मुख्यमंत्री के दौरे के दिन हुई कार्रवाई
संयोग से शुक्रवार को ही पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी दुर्गापुर में प्रशासनिक बैठक करने पहुंचने वाले हैं। ऐसे में आसनसोल में हुई इस पुलिस कार्रवाई को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। अब इस घटना पर मुख्यमंत्री की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर नजर रहेगी।
फिलहाल प्रताप दास अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: अतीकुर रहमान, पश्चिम बंगाल | NEWS ANP

