Sindri Job Fair 2026: धनबाद में रोजगार-सह-ऋण मेले में 109 अभ्यर्थियों का चयन, 17 कंपनियों ने लिया हिस्सा

Sindri Job Fair 2026: धनबाद में रोजगार-सह-ऋण मेले में 109 अभ्यर्थियों का चयन, 17 कंपनियों ने लिया हिस्सा

धनबाद, सिंदरी: रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सिंदरी में आयोजित एकदिवसीय रोजगार-सह-ऋण मेला कई अवसर लेकर आया। गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में नियोजनालय सिंदरी की ओर से रोहड़ाबांध दुर्गा मंदिर परिसर में इस मेले का आयोजन किया गया। इसमें निजी क्षेत्र की 17 कंपनियों ने हिस्सा लिया और कुल 109 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

17 कंपनियों ने युवाओं को दिया रोजगार का अवसर

रोजगार मेले में विभिन्न निजी कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाकर योग्य अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया में हिस्सा लिया। इनमें ललिता मैनपावर सॉल्यूशंस, गौतम बुद्ध नैतिक शिक्षा मिशन, स्वतंत्र माइक्रोफिन लिमिटेड, विरसन सिक्योरिटी एंड फैसिलिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, जीएस इंटीग्रेटेड रिसोर्सेज और प्रेझा फाउंडेशन, रांची सहित कुल 17 कंपनियां शामिल रहीं।

मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और कौशल वाले अभ्यर्थियों को रोजगार पाने का अवसर मिला। चयनित 109 उम्मीदवारों के लिए यह अपने करियर को नयी दिशा देने का मौका है। नियोजनालय सिंदरी की ओर से समय-समय पर ऐसे रोजगार मेले और भर्ती कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल सकें।

रोजगार के साथ ऋण योजनाओं की भी मिली जानकारी

इस आयोजन में रोजगार के अवसरों के साथ युवाओं को स्वरोजगार और वित्तीय सहायता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गयी। अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय के माध्यम से बैंक ऑफ इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और एचडीएफसी बैंक के स्टॉल लगाए गए थे।

इन स्टॉलों पर मौजूद बैंक प्रतिनिधियों ने युवाओं, अभ्यर्थियों और आम नागरिकों को विभिन्न ऋण योजनाओं तथा वित्तीय समावेशन से जुड़ी सुविधाओं के बारे में बताया। इसमें गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, शिक्षा ऋण, विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाएं और वित्तीय समावेशन से संबंधित उत्पाद एवं सेवाएं शामिल थीं। बैंक की अन्य जनकल्याणकारी और वित्तीय सहायता योजनाओं की जानकारी भी साझा की गयी।

नियोजनालय में पंजीकरण कर पा सकते हैं रोजगार के अवसर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नियोजन पदाधिकारी पदमा कुमारी ने कहा कि नियोजनालय सिंदरी, धनबाद की ओर से समय-समय पर रोजगार मेले और भर्ती कैंप आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों के माध्यम से निबंधित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने स्थानीय उम्मीदवारों से रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए झारखंड सरकार के रोजगार पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की। इच्छुक उम्मीदवार https://jharniyojan.jharkhand.gov.in पर स्वयं निबंधन कर सकते हैं। इसके अलावा नियोजनालय सिंदरी, धनबाद में उपस्थित होकर भी पंजीकरण कराया जा सकता है।

अधिकारियों और कर्मचारियों की रही मौजूदगी

रोजगार-सह-ऋण मेले में नियोजन पदाधिकारी पदमा कुमारी, उच्च वर्गीय लिपिक अरविंद कुमार राकेश, संजय कुमार साव, प्रशान्त गोयल, विवेक कुमार साव सहित नियोजनालय के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।

NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *