पाकुड़। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पहाड़िया समुदाय ने पाकुड़ समाहरणालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय आदिम जनजाति विकास समिति के बैनर तले आयोजित एक दिवसीय धरने में दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से करीब 500 से 700 लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से आदिम जनजाति समुदाय के अधिकारों की रक्षा और 10 सूत्री मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। धरने का नेतृत्व समिति के सचिव सह पूर्व जिला परिषद सदस्य शिवचरण मालतो ने किया।
सरकार पर सौतेले व्यवहार का लगाया आरोप
धरने को संबोधित करते हुए शिवचरण मालतो ने आरोप लगाया कि सरकार आदिम जनजाति समुदाय के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है और उनके अधिकारों में कटौती की जा रही है। उन्होंने कहा कि समुदाय की भाषा, आरक्षण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने मालतो और मावड़ो भाषा को राज्य की जनजातीय भाषाओं में शामिल करने की मांग उठाई। इसके साथ ही आदिम जनजाति समुदाय के लिए दो प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।
महिलाओं को 2500 रुपये मासिक पेंशन देने की मांग
समिति ने आदिम जनजाति समुदाय की महिलाओं के लिए 2500 रुपये मासिक पेंशन देने की मांग की। शिवचरण मालतो ने कहा कि समुदाय की महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए नियमित पेंशन की व्यवस्था जरूरी है।
इसके अलावा झारखंड राज्य जनजाति सलाहकार परिषद में पहाड़िया समुदाय के एक सदस्य को प्रतिनिधित्व देने की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि समुदाय से जुड़े मुद्दों और समस्याओं को उचित मंच पर रखने के लिए परिषद में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
30 दिसंबर को दुमका में धरने की चेतावनी
धरने के दौरान समिति ने सरकार को आगे आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। शिवचरण मालतो ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो 30 दिसंबर को दुमका में आयुक्त के समक्ष धरना दिया जाएगा। इसके बाद रांची में राज्यपाल के समक्ष आमरण अनशन शुरू करने की योजना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पहाड़िया समुदाय अपने अधिकारों के लिए आंदोलन जारी रखेगा। मांगें पूरी नहीं होने पर सड़क से सदन तक संघर्ष किया जाएगा।

राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को सौंपा मांग पत्र
एक दिवसीय धरने के समापन पर अखिल भारतीय आदिम जनजाति विकास समिति की ओर से राष्ट्रपति के नाम 10 सूत्री मांग पत्र उपायुक्त को सौंपा गया। समिति ने मांगों पर कार्रवाई करने और समुदाय की समस्याओं का समाधान करने की अपील की।
बाइट: शिवचरण मालतो, पूर्व जिला परिषद सदस्य सह सचिव, अखिल भारतीय आदिम जनजाति विकास समिति, पाकुड़।

