धनबाद। पुलिस विभाग के महत्वपूर्ण दस्तावेजों और अभिलेखों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में धनबाद को बड़ी सुविधा मिली है। बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक (IG) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने धनबाद समाहरणालय परिसर स्थित आधुनिक रिकॉर्ड रूम का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि फिलहाल पूरे झारखंड में इस तरह की आधुनिक सुविधा धनबाद में उपलब्ध कराई गई है। इससे पुलिस विभाग के जरूरी दस्तावेजों को व्यवस्थित और सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
IG को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
आधुनिक रिकॉर्ड रूम के उद्घाटन के लिए धनबाद पहुंचे IG शैलेन्द्र कुमार सिन्हा को इससे पहले जिला पुलिस बल की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. याकूब मोहम्मद समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस विभाग में रिकॉर्ड रूम की अहम भूमिका
उद्घाटन के बाद IG शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने रिकॉर्ड रूम की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में रिकॉर्ड रूम की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यहां मामलों की जांच और निष्पादन से संबंधित दस्तावेजों के साथ पुलिस विभाग की कई महत्वपूर्ण जानकारियां और अभिलेख सुरक्षित रखे जाते हैं।
उन्होंने बताया कि किसी मामले की जांच के दौरान पुराने दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जरूरत पड़ती है। ऐसे में उनका व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रहना और जरूरत के समय आसानी से उपलब्ध होना बेहद जरूरी है।
SSP प्रभात कुमार की पहल से मिला आधुनिक स्वरूप
IG ने कहा कि वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के प्रयास से रिकॉर्ड रूम को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। इसका उद्देश्य सभी जरूरी दस्तावेजों को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखना और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समय पर उपलब्ध कराना है।
आधुनिक व्यवस्था से पुलिस विभाग के रिकॉर्ड के रखरखाव में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे जांच और विभागीय कार्यों के दौरान संबंधित दस्तावेजों तक पहुंच आसान हो सकेगी।
धनबाद में पुलिसिंग और कार्यालयों में होंगे नए बदलाव
शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि आने वाले दिनों में धनबाद में बेहतर पुलिसिंग के साथ पुलिस विभाग के कार्यालयों में भी कई नए बदलाव देखने को मिलेंगे। आधुनिक रिकॉर्ड रूम की शुरुआत को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बाइट: शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक (IG), बोकारो।

