वन्यजीव संरक्षण के लिए वनतारा का बड़ा कदम, मेडागास्कर सरकार के साथ किया 10 साल का समझौता

वन्यजीव संरक्षण के लिए वनतारा का बड़ा कदम, मेडागास्कर सरकार के साथ किया 10 साल का समझौता

जामनगर। वन्यजीवों के संरक्षण और अवैध तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में वनतारा ने मेडागास्कर सरकार के साथ 10 साल का समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत विदेशों में जब्त किए गए मेडागास्कर मूल के वन्यजीवों की सुरक्षित स्वदेश वापसी, उनके इलाज और संरक्षण में मदद की जाएगी। जहां परिस्थितियां अनुकूल होंगी, वहां इन वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ने की प्रक्रिया में भी सहयोग किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य वन्यजीवों को उनके मूल पर्यावरण में संरक्षण देना और मेडागास्कर की स्थानीय संरक्षण व्यवस्था को मजबूत करना है।

तस्करी के शिकार वन्यजीवों की होगी स्वदेश वापसी

समझौते के तहत वनतारा विदेशों में जब्त किए गए मेडागास्कर के वन्यजीवों को उनके मूल देश वापस लाने में सहयोग करेगा। इस प्रक्रिया में वन्यजीवों की स्वास्थ्य जांच, आवश्यक उपचार और सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था में मदद शामिल होगी। स्वदेश वापसी के बाद उनकी देखभाल और पुनर्वास पर भी ध्यान दिया जाएगा।

वन्यजीवों को दोबारा प्राकृतिक आवास में छोड़ने का अंतिम निर्णय मेडागास्कर सरकार का होगा। इसके लिए संबंधित प्रजातियों की स्थिति, स्वास्थ्य और उनके प्राकृतिक वातावरण में जीवित रहने की क्षमता को ध्यान में रखा जाएगा।

लीमर की 90 फीसदी प्रजातियों पर विलुप्ति का खतरा

मेडागास्कर जैव विविधता के लिहाज से दुनिया के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शामिल है। यहां कई ऐसी वन्यजीव प्रजातियां पाई जाती हैं, जो दुनिया के दूसरे हिस्सों में प्राकृतिक रूप से नहीं मिलतीं। अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) के मुताबिक, मेडागास्कर में पाई जाने वाली लीमर की लगभग 90 फीसदी प्रजातियों पर विलुप्त होने का खतरा है।

प्राकृतिक आवास का लगातार नुकसान और अवैध वन्यजीव तस्करी इन प्रजातियों के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। ऐसे में वनतारा और मेडागास्कर सरकार के बीच हुआ यह समझौता दुर्लभ वन्यजीवों के संरक्षण के प्रयासों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

स्थानीय विशेषज्ञों को प्रशिक्षण और वैज्ञानिक सहयोग

वनतारा इस समझौते के तहत मेडागास्कर के स्थानीय वन्यजीव विशेषज्ञों को प्रशिक्षण देने में भी सहयोग करेगा। इसके अलावा वन्यजीवों की स्वास्थ्य जांच, वैज्ञानिक अनुसंधान और सुरक्षित परिवहन से जुड़ी विशेषज्ञता साझा की जाएगी।

समझौते में राष्ट्रीय वन्यजीव बचाव एवं पुनर्वास केंद्र के निर्माण में सहयोग की संभावना भी शामिल है। इसका उद्देश्य मेडागास्कर में वन्यजीवों के बचाव, उपचार और पुनर्वास से जुड़ी क्षमताओं को विकसित करना है। इससे स्थानीय स्तर पर संरक्षण कार्यों को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिल सकती है।

वनतारा ने पूरा किया CITES प्रबंधन प्राधिकरण से किया वादा

वनतारा की ओर से बताया गया कि इस समझौते के साथ उसने भारत के CITES प्रबंधन प्राधिकरण से 19 अगस्त को किए गए अपने वादे को पूरा किया है। CITES अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वन्यजीवों और वनस्पतियों के व्यापार को नियंत्रित करने से जुड़ा समझौता है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार से प्रजातियों के अस्तित्व पर खतरा न आए।

वनतारा के सीईओ विवान करानी ने कहा कि दुर्लभ प्रजातियों को उनके प्राकृतिक आवास में संरक्षित करना दस वर्षीय संरक्षण रणनीति का अहम हिस्सा है। उन्होंने बताया कि प्राथमिकता उन लोगों और संस्थाओं को मजबूत करने की है, जो वन्यजीवों के मूल देशों में उनके संरक्षण के लिए काम कर रहे हैं।

मेडागास्कर के साथ यह साझेदारी वन्यजीवों की स्वदेश वापसी, उपचार, पुनर्वास और स्थानीय विशेषज्ञों की क्षमता बढ़ाने पर केंद्रित है। इसके जरिए संरक्षण के प्रयासों को वन्यजीवों के मूल देश तक पहुंचाने की योजना है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *