गुरुपर्व से पहले गुरु गोविंद सिंह के नाम पर प्रस्तावित पुल का नाम बदलने पर विवाद, RJD ने सरकार को घेरा

गुरुपर्व से पहले गुरु गोविंद सिंह के नाम पर प्रस्तावित पुल का नाम बदलने पर विवाद, RJD ने सरकार को घेरा

पटना: बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के नामकरण को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने आरोप लगाया है कि गुरुपर्व से ठीक पहले गुरु गोविंद सिंह के नाम पर प्रस्तावित पुल का नाम बदलकर सरकार ने सिख समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने इसे गुरु के घर में गुरु का अपमान बताते हुए सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है।

गुरुपर्व से पहले नामकरण को लेकर उठाए सवाल

चित्तरंजन गगन ने कहा कि 24 नवंबर को पटना में सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मनाने की तैयारी चल रही है। ऐसे समय में दसवें सिख गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर प्रस्तावित पुल का नाम बदलने का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के इस निर्णय से आम लोगों और विशेषकर सिख समुदाय की भावनाओं को गहरा आघात लगा है।

विधानसभा में विभाग ने प्रस्ताव पर कार्रवाई की दी थी जानकारी

राजद प्रवक्ता ने कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम दशम सिख गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर रखने के संबंध में पथ निर्माण विभाग को पहले ही प्रस्ताव मिल चुका था। उन्होंने बिहार विधानसभा में दिए गए विभागीय जवाब का हवाला देते हुए कहा कि इस पर आगे की कार्रवाई किए जाने की जानकारी भी दी गई थी।

तेजस्वी यादव के संकल्प और विभागीय जवाब का दिया हवाला

चित्तरंजन गगन के अनुसार, बिहार विधानसभा के 18वें सत्र के द्वितीय सत्र में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गैर सरकारी संकल्प संख्या 65/2026 प्रस्तुत किया था। इसके संदर्भ में पथ निर्माण विभाग ने 10 फरवरी 2026 को दिए जवाब में स्पष्ट किया था कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर करने के लिए विभाग को पहले से प्रतिवेदन प्राप्त है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

राजद प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि जब विभाग के पास प्रस्ताव मौजूद था और उस पर कार्रवाई की बात कही गई थी, तो ऐसी कौन सी परिस्थिति उत्पन्न हुई कि प्रस्तावित नामकरण में बदलाव कर दिया गया।

सरकार से जवाब देने की मांग, सिख समाज की भावनाओं का मुद्दा उठाया

चित्तरंजन गगन ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी केवल सिख समुदाय के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के महान आध्यात्मिक गुरु थे। वे त्याग, बलिदान और साहस के प्रतीक हैं। बिहार और विशेषकर पटना साहिब से उनका ऐतिहासिक संबंध रहा है। ऐसे महान व्यक्तित्व के नाम पर पुल का नामकरण करने के प्रस्ताव को खारिज किए जाने से कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इस फैसले के पीछे की वजह स्पष्ट करनी चाहिए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *