झरिया। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर रविवार को झरिया से धनबाद तक भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। झरिया के कोयरीबांध स्थित गुरुद्वारा से धनबाद बैंक मोड़ बड़ा गुरुद्वारा तक निकली इस शोभायात्रा में श्रद्धा, भक्ति, सेवा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरुचरण सिंह के नेतृत्व में निकले नगर कीर्तन में शामिल संगत ने ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से पूरे कोयलांचल को भक्तिमय कर दिया। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया।
सुसज्जित रथ पर सजा गुरु नानक देव जी का दरबार
नगर कीर्तन में सुसज्जित रथ पर गुरु नानक देव जी का भव्य दरबार सजाया गया था। हाथों में तलवार लिए पंज प्यारे शोभायात्रा की अगुवाई कर रहे थे। उनके सम्मान और स्वागत में महिला संगत ने सड़क पर झाड़ू लगाकर सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की। गुरुवाणी का पाठ करती महिलाओं की टोली, श्रद्धालुओं की ओर से पवित्र जल का छिड़काव और फूलों की वर्षा ने पूरे रास्ते को आध्यात्मिक माहौल से भर दिया।
नगर कीर्तन के गुजरने के दौरान विभिन्न स्थानों पर आतिशबाजी कर भी श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोग शोभायात्रा को देखने और उसमें शामिल होने के लिए मार्ग के किनारे मौजूद रहे।
गतका पार्टी के करतबों ने बढ़ाया नगर कीर्तन का आकर्षण
शोभायात्रा में जामाडोबा से पहुंची निर्भय खालसा गतका पार्टी और अमृतसर की टीमों ने पारंपरिक युद्ध कला का प्रदर्शन किया। कलाकारों ने तलवारबाजी और गतका के रोमांचक करतब दिखाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साहस, कौशल और अनुशासनपूर्ण प्रदर्शन ने नगर कीर्तन को खास आकर्षण प्रदान किया। पारंपरिक सिख युद्ध कला के प्रदर्शन को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।
महापौर और विधायक ने पंज प्यारों का किया सम्मान
इस अवसर पर धनबाद के महापौर संजीव सिंह और झरिया विधायक रागिनी सिंह ने पंज प्यारों के चरण धोकर उनका अभिनंदन किया। दोनों ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। झरिया के कतरास मोड़ स्थित स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह चौक पर विधायक रागिनी सिंह ने नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं के बीच फ्रूटी, पानी और नाश्ते का वितरण किया।
महापौर संजीव सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं मानवता, प्रेम, समानता, सेवा और भाईचारे का संदेश देती हैं। उन्होंने समाज को ऊंच-नीच, भेदभाव और वैमनस्य से ऊपर उठकर एक-दूसरे का सम्मान करने की प्रेरणा दी। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं तथा लोगों को आपसी प्रेम के सूत्र में बांधते हैं।
गुरु नानक की शिक्षाएं आज भी मानवता के लिए प्रासंगिक
झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने हमेशा समानता, निस्वार्थ सेवा, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। प्रकाशोत्सव जैसे पावन आयोजन लोगों को धर्म, जाति और भेदभाव से ऊपर उठकर मानव सेवा तथा सामाजिक सद्भाव के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने नगर कीर्तन में शामिल सभी श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव की शुभकामनाएं दीं। झरिया से धनबाद तक निकली इस शोभायात्रा में धार्मिक आस्था के साथ सेवा, अनुशासन और सामुदायिक एकता की झलक देखने को मिली।
