धनबाद: होमगार्ड बहाली के दौरान फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पाथरकुआं पंचायत भवन में संचालित एक कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे ने छापेमारी कर केंद्र को सील कर दिया। साथ ही केंद्र संचालक अभिजीत दास की CSC आईडी रद्द करने की अनुशंसा की गई है। संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी प्रक्रियाधीन है।
होमगार्ड बहाली के दौरान सामने आया फर्जी प्रमाण पत्र का मामला
मामला होमगार्ड बहाली के लिए चयनित अभ्यर्थी कृष्णपद सोरेन से जुड़ा है। वह निरसा थाना क्षेत्र के बड़बाड़ी गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम देबु सोरेन है। चयन के बाद अभ्यर्थी की ओर से जमा किए गए आवासीय प्रमाण पत्र का सत्यापन अंचल कार्यालय, कालियासोल में कराया गया।
झारसेवा पोर्टल पर जांच में खुला फर्जीवाड़ा
अंचल कार्यालय ने ऑनलाइन झारसेवा पोर्टल के माध्यम से प्रमाण पत्र की जांच की। इस दौरान पता चला कि संबंधित आवासीय प्रमाण पत्र कार्यालय स्तर से कभी स्वीकृत या जारी ही नहीं किया गया था। विभागीय रिकॉर्ड के मुताबिक, आवेदन में त्रुटि होने के कारण उसे लंबित रखा गया था या वापस कर दिया गया था। इसके बावजूद अभ्यर्थी को कथित तौर पर कूटरचित डिजिटल हस्ताक्षर वाला प्रमाण पत्र दे दिया गया।
प्रमाण पत्र के लिए लिए गए थे 500 रुपये
अभ्यर्थी कृष्णपद सोरेन ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उन्होंने गांव के ही CSC संचालक अभिजीत दास के पास आवासीय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन दिया था। इसके बदले संचालक ने उनसे 500 रुपये लिए थे। आरोप है कि बाद में संचालक ने उन्हें फर्जी प्रमाण पत्र का प्रिंट निकालकर दे दिया। इस प्रमाण पत्र के फर्जी पाए जाने से अभ्यर्थी की होमगार्ड बहाली प्रक्रिया और भविष्य पर संकट खड़ा हो गया।
SDM की छापेमारी में सील हुआ प्रज्ञा केंद्र
शिकायत मिलने और प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद SDM लोकेश बारंगे ने कार्रवाई की। उनके साथ अंचल अधिकारी कालियासोल अशोक कुमार सिन्हा और डीपीओ यूआईडी अमित कुमार भी मौजूद थे। अधिकारियों ने पाथरकुआं पंचायत भवन में संचालित CSC केंद्र पर औचक छापेमारी की और उसे सील कर दिया। संचालक अभिजीत दास की CSC आईडी रद्द करने की कार्रवाई भी शुरू की जा रही है।

संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी
प्रशासन के अनुसार, आम नागरिकों और अभ्यर्थियों को गुमराह कर कथित रूप से फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करने के मामले में संचालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।
SDM लोकेश बारंगे ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के साथ धोखाधड़ी करने वाले CSC या प्रज्ञा केंद्र संचालकों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी केंद्र संचालकों को सरकारी नियमों और निर्धारित शुल्क के अनुसार ही सेवाएं देने का निर्देश दिया गया है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर आईडी रद्द करने के साथ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

