धनबाद: कोयलांचल के वासेपुर में होटल संचालकों से रंगदारी मांगने और इनकार करने पर तोड़फोड़ व लूटपाट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने दो खाना-नाश्ता होटलों में जमकर उत्पात मचाया, दुकानदारों के साथ मारपीट की और गल्ले में रखे करीब 11 हजार रुपये लूट लिए। इतना ही नहीं, होटल के सामान और काउंटर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। बाहर खड़ी एक गाड़ी को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है। घटना के बाद इलाके के छोटे कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
मुफ्त खाना खाने के बाद मांगी 6 हजार रुपये मासिक रंगदारी
पीड़ित होटल संचालक हबीब और राम मंसाई के अनुसार, वे पिछले 8 से 10 वर्षों से वासेपुर में ‘मोइन होटल’ के नाम से दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उनका आरोप है कि जुम्मन कुरैशी, कलाम कुरैशी का बेटा आलम और उनके साथ चार-पांच अन्य युवक पिछले कुछ दिनों से होटल में आकर मुफ्त में खाना खाते थे। विरोध करने पर वे कथित तौर पर रंगबाजी दिखाते और दुकानदारों को धमकाते थे।
पीड़ितों के मुताबिक, रविवार शाम करीब सात बजे आरोपी अपने साथियों के साथ होटल पहुंचे और छह-सात लोगों के लिए खाना मांगा। जब दुकानदार ने पहले के बकाया पैसे मांगे तो कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी गई। आरोप है कि युवकों ने दुकानदारों से कहा कि अगले दिन से हर महीने छह हजार रुपये रंगदारी देनी होगी, अन्यथा दुकान छोड़कर भागना पड़ेगा।
दुकान में आग लगाने और जान से मारने की धमकी का आरोप
होटल संचालकों ने आरोप लगाया कि युवकों ने दुकान में आग लगाने और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित रविवार रात करीब आठ से नौ बजे भूली ओपी/थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी। उनका कहना है कि पुलिस से शिकायत करने के बावजूद अगले दिन सुबह दुकान खोलते ही आरोपी दोबारा वहां पहुंच गए।
होटल में तोड़फोड़ कर गल्ले से 11 हजार रुपये ले जाने का आरोप
पीड़ितों के अनुसार, अगले दिन सुबह आरोपियों ने होटल में रखे सामान, काउंटर और बर्तनों को तोड़कर बिखेर दिया। इसी दौरान गल्ले में रखे लगभग 11 हजार रुपये भी निकाल लिए गए। आरोप है कि जाते समय युवकों ने धमकी दी कि यदि रात में दुकान खोली गई या दोबारा पुलिस के पास गए तो दुकान और दुकानदारों को जिंदा जला दिया जाएगा।
होटल संचालकों का यह भी आरोप है कि युवकों ने खुद को वासेपुर का बॉस बताते हुए हथियार का भय दिखाया। इस घटना के बाद पीड़ित परिवारों के साथ-साथ आसपास के दूसरे कारोबारियों में भी डर का माहौल है।
पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
पीड़ित होटल संचालकों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस मामले की छानबीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना ने वासेपुर में छोटे कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

