धनबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, चिरकुंडा में 1200 किलो मिलावटी लड्डू नष्ट; मद्रास कैफे पर 20 हजार जुर्माना

धनबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, चिरकुंडा में 1200 किलो मिलावटी लड्डू नष्ट; मद्रास कैफे पर 20 हजार जुर्माना

चिरकुंडा में तीन लड्डू निर्माण इकाइयों पर छापेमारी

धनबाद। दीपावली और आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री और निर्माण पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत चिरकुंडा और झरिया में औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की गई। इस दौरान चिरकुंडा में तीन अवैध लड्डू निर्माण इकाइयों से करीब 1200 किलोग्राम मिलावटी बूंदी के लड्डू जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिए गए।

जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चिरकुंडा में संचालित तीन लड्डू निर्माण इकाइयों की जांच के दौरान मिठाइयों को आकर्षक पीला रंग देने के लिए प्रतिबंधित मेटानिल येलो रंग का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताते हुए जब्त लड्डुओं को तत्काल नष्ट करा दिया।

प्रतिबंधित मेटानिल येलो रंग के इस्तेमाल का मामला

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि बूंदी के लड्डुओं को पीला और आकर्षक बनाने के लिए प्रतिबंधित रंग का उपयोग किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान करीब 1200 किलो लड्डू जब्त किए गए। लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए इन सभी मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

विभाग ने संबंधित खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रहित किए हैं। वहीं, अवैध रूप से संचालित तीनों निर्माण इकाइयों के संचालकों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

झरिया में 210 किलो रंगीन मिठाई और 150 किलो सेवई जब्त

चिरकुंडा के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने झरिया क्षेत्र में भी विभिन्न खाद्य निर्माण इकाइयों, होटलों और रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक मिठाई निर्माण इकाई से 210 किलोग्राम प्रतिबंधित रंगीन चीनी मिठाई और 150 किलोग्राम सेवई जब्त की गई।

इसके अलावा अलग-अलग प्रतिष्ठानों से मिठाई और पनीर के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं। विभाग के अनुसार, इन नमूनों को रासायनिक परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मद्रास कैफे के किचन में गंदगी मिलने पर 20 हजार जुर्माना

झरिया में निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने मद्रास कैफे के किचन की स्थिति की भी जांच की। वहां गंभीर अस्वच्छता पाए जाने पर कैफे संचालक पर 20 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। विभाग ने त्योहारों के दौरान होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को साफ-सफाई तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की जरूरत पर जोर दिया है।

डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में चला जांच अभियान

पूरी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम में प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी नैना नायक, चंदन कुमार साव और चंद्रदेव गंझू के अलावा खाद्य सुरक्षा कार्यालय के कर्मचारी राहुल कुमार, राहुल कुमार पासवान, शुभम कुमार और अमित सिंह शामिल थे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दीपावली और छठ के दौरान लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि कहीं मिलावटी खाद्य पदार्थों, प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल या अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री के निर्माण और बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें। सूचना मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *