धनबाद: खेल के क्षेत्र में युवाओं को बड़ा मंच और नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में तीन दिवसीय इंडियंस बिगेस्ट स्पोर्ट्स फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। 4, 5 और 6 दिसंबर को होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब 3000 खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की संभावना है। आयोजन में पावरलिफ्टिंग, बॉडी बिल्डिंग और आर्म रेसलिंग सहित कई नॉन-ओलंपिक खेलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। आयोजकों ने प्रतियोगिता के लिए कुल डेढ़ करोड़ रुपये की इनामी राशि निर्धारित की है।
4 से 6 दिसंबर तक होगा खेल महोत्सव
इस स्पोर्ट्स फेस्टिवल की जानकारी धनबाद के धनसार स्थित पावर प्रो यूनिक्स जिम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई। इस दौरान ओडिशा जिम एसोसिएशन के अध्यक्ष देवती कृष्णा बेहरा, पूर्व मिस्टर झारखंड और जीतू कुमार मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया जिम एसोसिएशन के तत्वावधान में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद है।
डेढ़ करोड़ रुपये के पुरस्कार होंगे वितरित
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में कुल डेढ़ करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। प्रथम पुरस्कार के रूप में 20 लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि उपविजेता को पांच लाख रुपये मिलेंगे। इस बड़े पुरस्कार के जरिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने और नॉन-ओलंपिक खेलों की ओर युवाओं का ध्यान आकर्षित करने की योजना है।

500 रुपये एंट्री फीस, खिलाड़ियों के रहने-खाने की मुफ्त व्यवस्था
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए 500 रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं, आयोजन के तीनों दिनों तक खिलाड़ियों के रहने और खाने की व्यवस्था आयोजकों की ओर से निःशुल्क की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि इससे देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में शामिल होने में सुविधा होगी।

नॉन-ओलंपिक खेलों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल
आयोजकों ने कहा कि पावरलिफ्टिंग, बॉडी बिल्डिंग और आर्म रेसलिंग जैसे खेलों को भी व्यापक पहचान और बेहतर अवसर मिलने चाहिए। इस आयोजन का उद्देश्य इन खेलों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि भविष्य में इन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान मिल सके। साथ ही इन खेलों को ओलंपिक में शामिल करने की दिशा में भी प्रयासों को प्रोत्साहन मिले।
युवाओं को नशे से दूर रखने में खेलों की भूमिका
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजकों ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। उनका कहना था कि खेलों के प्रति जुनून युवाओं को सकारात्मक दिशा दे सकता है और उनकी ऊर्जा का बेहतर उपयोग हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में क्रिकेट को अधिक महत्व मिलता है, जबकि अन्य खेलों और उनमें प्रतिभा दिखाने वाले खिलाड़ियों को भी सरकार की ओर से समान प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

