विहंगम योग संस्थान ने मनाई विज्ञानदेव जी महाराज की जन्म जयंती, लगाया रक्तदान शिविर

विहंगम योग संस्थान ने मनाई विज्ञानदेव जी महाराज की जन्म जयंती, लगाया रक्तदान शिविर

धनबाद: ब्रह्मर्षि सदाफल देव विहंगम योग संस्थान की ओर से संत प्रवर श्री विज्ञानदेव जी महाराज की 47वीं जन्म जयंती के अवसर पर रविवार को एसजेएएस अस्पताल, धनबाद में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 85 यूनिट रक्तदान किया। संग्रहित रक्त एसजेएएस अस्पताल के ब्लड बैंक को सौंप दिया गया।

संयुक्त रूप से किया गया शिविर का उद्घाटन

रक्तदान शिविर का उद्घाटन एसजेएएस अस्पताल के डॉ. आशुतोष झा और विहंगम योग संस्थान के पश्चिम बंगाल के प्रधान प्रचार प्रभारी जीपी सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान ‘अ’ अंकित श्वेत ध्वजा फहराने के साथ दीप प्रज्वलित किया गया।

मौके पर जीपी सिंह ने कहा कि रक्तदान संपूर्ण मानव जाति के लिए जीवनदायिनी सद्कर्म है। इसे महादान कहा जाता है, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचाने में मददगार हो सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और इस नेक कार्य में भाग लेने की अपील की।

रक्तदान मानवता और सेवा का संगम : डॉ. आशुतोष झा

डॉ. आशुतोष झा ने कहा कि यह केवल रक्तदान शिविर नहीं, बल्कि मानवता और सेवा का संगम है। दुर्घटनाओं, सर्जरी और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को अक्सर रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में रक्तदाताओं का योगदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने शिविर में शामिल सभी रक्तदाताओं और आयोजकों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

वहीं, विहंगम योग धनबाद जिला संत समाज के प्रधान संयोजक पप्पू सिंह ने कहा कि संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज मानव कल्याण और सेवा के कार्यों के लिए समर्पित हैं। उनकी जन्म जयंती पर हर वर्ष विश्वभर में हजारों स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों के माध्यम से लाखों यूनिट रक्त संग्रह कर मानव सेवा के लिए समर्पित किया जाता है। उन्होंने कहा कि विहंगम योग संस्थान आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है।

सत्संग और भजन के बीच 85 यूनिट रक्तदान

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गान और मंगल गान से हुई। इसके बाद अतिथियों ने अनंतश्री सदगुरु सदाफलदेव जी महाराज, सदगुरु धर्मचन्द्रदेव जी महाराज, सदगुरु स्वतंत्रदेव जी महाराज और संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज की तस्वीरों पर माल्यार्पण किया।

शिविर के दौरान एक ओर सत्संग, भजन, प्रवचन और संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज के जीवन पर चर्चा होती रही, वहीं दूसरी ओर रक्तदान का कार्यक्रम जारी रहा। अंत में वंदना, आरती और शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

शिविर को सफल बनाने में जीपी सिंह, पप्पू सिंह, आरके अम्बष्ठ, आशुतोष शेखर, डब्ल्यू सिंह, ओपी सिंघम, किरण सिंह, निधि सिंह और कमलेश सिंह सहित भूली ब्लड डोनर ग्रुप के रवि सिंह, मनोज विश्वकर्मा, रामाशंकर सिंह और बमबम सिंह का सराहनीय योगदान रहा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *