Dhanbad News: दुर्गापूजा से पहले एक्शन में प्रशासन, 3 से 5 दिनों में सड़कों की मरम्मत का निर्देश

Dhanbad News: दुर्गापूजा से पहले एक्शन में प्रशासन, 3 से 5 दिनों में सड़कों की मरम्मत का निर्देश

धनबाद। दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार देर शाम उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने केंदुआडीह, गया पुल, पम्पू तालाब, गोल बिल्डिंग और बलियापुर चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने सड़कों की स्थिति, नालियों, साफ-सफाई और लाइटिंग व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए।

3 से 5 दिनों में प्रमुख सड़कों को दुरुस्त करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने निर्देश दिया कि अगले 3 से 5 दिनों के भीतर प्रमुख सड़कों को यथासंभव मोटरेबल बनाया जाए, ताकि दुर्गापूजा के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

जिन सड़कों पर बिटुमिनस कार्य संभव है, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत करने को कहा गया। जिन स्थानों पर तत्काल स्थायी मरम्मत संभव नहीं है, वहां दीपावली और छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक अस्थायी मरम्मत की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि नगर निगम, सड़क निर्माण विभाग, अंचल अधिकारी और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम के निरीक्षण का उद्देश्य विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना और समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।

पूजा के दौरान पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था

दुर्गापूजा में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने बताया कि नगर निगम की ओर से वार्ड पार्षदों की अनुशंसा के आधार पर विभिन्न स्थानों पर 15 से 20 अतिरिक्त लाइटें उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी स्थानों पर लाइटिंग व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए।

केंदुआडीह सड़क पर छोटे वाहनों को ही अनुमति

निरीक्षण के दौरान केंदुआडीह सड़क की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। सड़क पर दरारें दिखाई देने और संबंधित क्षेत्र में गैस रिसाव की स्थिति को देखते हुए फिलहाल बालू भराई सहित जरूरी अस्थायी कार्य किए जा रहे हैं।

उपायुक्त ने बताया कि दुर्गापूजा तक सड़क को अस्थायी रूप से चालू करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाएगा। फिलहाल इस सड़क पर केवल छोटे वाहनों के परिचालन की अनुमति रहेगी।

सड़क को डेंजर जोन में देखते हुए लगातार निगरानी की जाएगी। करीब एक महीने तक स्थिति का आकलन करने के बाद ही भविष्य में वाहनों के परिचालन को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील, यातायात पर भी नजर

उपायुक्त ने आम लोगों से अपील की कि केंदुआडीह सड़क का फिलहाल अस्थायी रूप से ही उपयोग करें। उन्होंने सड़क के आसपास स्थायी निर्माण या ऐसी गतिविधियों से बचने को कहा, जिनसे सुरक्षा संबंधी जोखिम पैदा हो सकता है।

वहीं, एसएसपी प्रभात कुमार ने दुर्गापूजा के दौरान संभावित भीड़ और आवागमन को देखते हुए यातायात सुगम बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त आशीष गंगवार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, सड़क निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश कुमार, आरसीडी की टीम, अंचल अधिकारी और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *