Jamshedpur Encounter: मरीन ड्राइव पर पुलिस से भिड़े बिंदल मॉल फायरिंग के आरोपी, दोनों को लगी गोली

Jamshedpur Encounter: मरीन ड्राइव पर पुलिस से भिड़े बिंदल मॉल फायरिंग के आरोपी, दोनों को लगी गोली

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर मंगलवार और बुधवार की देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में बिंदल मॉल रेस्टोरेंट फायरिंग मामले में शामिल दो आरोपी गोली लगने से घायल हुए हैं।

घायल आरोपियों की पहचान मोहन यादव और अजीत मंडल के रूप में हुई है। दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उन्हें घायल अवस्था में कब्जे में लेकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।

दोनों ओर से तीन-तीन राउंड फायरिंग का दावा

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से तीन-तीन राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अजीत मंडल के बाएं पैर और मोहन यादव के दाएं पैर में गोली लगी।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को बिंदल मॉल रेस्टोरेंट फायरिंग मामले में गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के बाद हथियार बरामदगी के लिए पुलिस उन्हें मरीन ड्राइव क्षेत्र में लेकर पहुंची थी।

पुलिस के अनुसार हथियार बरामदगी के दौरान हुई फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, हथियार बरामदगी के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि दोनों आरोपियों की निशानदेही पर मौके से हथियार भी बरामद किया गया है।

उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। सिटी एसपी के अनुसार, अपराध कर कोई व्यक्ति छिप नहीं सकता और पुलिस उसे तलाश कर कार्रवाई करेगी।

26 सितंबर को रेस्टोरेंट में हुई थी फायरिंग

गौरतलब है कि 26 सितंबर की दोपहर करीब डेढ़ बजे बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में फायरिंग की घटना हुई थी। पुलिस के अनुसार, डोमिनिक सैमसन अपने परिचित रिजवान और दिलशान उर्फ दानिश के साथ रेस्टोरेंट में नाश्ता कर रहे थे।

इसी दौरान बाइक सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और तीनों को निशाना बनाकर करीब 12 राउंड फायरिंग की। गोलीबारी के बाद रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई थी।

इस घटना में डोमिनिक सैमसन, रिजवान, दिलशान और कृष्णा चौधरी घायल हुए थे। सभी घायलों को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था।

मामले में पुलिस आगे की जांच और कार्रवाई में जुटी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *