कार में छिपाकर ले जा रहे थे शराब, पुलिस ने तस्कर को पकड़ा
औरंगाबाद। नवीनगर प्रखंड के बडेम थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बारुण थाना क्षेत्र के सहसपुर गांव निवासी अमरेन्द्र सिंह के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर संदिग्ध कार की जांच
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर बडेम थाना पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार में छिपाकर रखे गए शराब के कार्टून बरामद हुए। पुलिस ने कार से कुल 40 कार्टून में 305 लीटर टनाका देशी शराब बरामद की।
शराब के साथ कार भी जब्त
कार से शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान अमरेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर थाने लाया गया।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से शराब की खेप से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
बडेम पुलिस का अवैध शराब के खिलाफ अभियान
बडेम थानाध्यक्ष वर्षा कुमारी ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वाहन जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

