निरसा। निरसा स्थित MPL कंपनी के मुख्य गेट के बाहर भाकपा माले ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। सुबह से ही भाकपा माले के कार्यकर्ता और स्थानीय विस्थापित कंपनी के मुख्य गेट पर पहुंचकर धरने पर बैठ गए। आंदोलन के कारण MPL में चलने वाले हाइवा का परिचालन पूरी तरह बंद हो गया है।
MPL का हाइवा परिचालन हुआ बंद
धरने के चलते कंपनी का काम प्रभावित हुआ है। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने MPL के मुख्य गेट पर पार्टी का झंडा लगा दिया और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों की ओर से कंपनी प्रबंधन पर विकास विरोधी और तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया है। आंदोलन में स्थानीय विस्थापित भी शामिल हैं।
विधायक अरूप चटर्जी ने प्रबंधन पर लगाए आरोप
मौके पर मौजूद निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने MPL प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि MPL प्रबंधन केंद्र की भाजपा सरकार के इशारे पर काम कर रहा है।
अरूप चटर्जी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में CSR का कोई काम नहीं होता और स्थानीय लोगों एवं विस्थापितों को रोजगार नहीं दिया जाता। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी की ओर से किए जाने वाले वादों को पूरा नहीं किया जाता।
विधायक ने कहा कि पिछली बार भरोसा दिए जाने के बाद आंदोलन समाप्त किया गया था, लेकिन उसके बाद भी मांगों पर कोई काम नहीं हुआ।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना
भाकपा माले ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। धरने के कारण MPL के मुख्य गेट पर गतिविधियां प्रभावित हुई हैं और हाइवा परिचालन बंद है।
आंदोलन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय विस्थापितों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
बाइट- अरूप चटर्जी, विधायक निरसा
संवाददाता- बंटी झा

