हवलदार की पिस्टल छीनकर पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में कोढ़ा गैंग का सरगना घायल

हवलदार की पिस्टल छीनकर पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में कोढ़ा गैंग का सरगना घायल

रांची। राजधानी रांची और आसपास के जिलों में चेन छिनतई की घटनाओं से परेशान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रांची पुलिस ने बिहार के कटिहार से जुड़े कोढ़ा गैंग का खुलासा करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना आकाश यादव उर्फ रंगीला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, बीआइटी ओपी क्षेत्र के चंद्र गांव के पास कार्रवाई के दौरान आकाश यादव के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से उसके दो सहयोगियों अमन यादव और कार्तिक यादव उर्फ दिनेश को भी पकड़ लिया। आरोपियों के पास से छिनी गई पांच सोने की चेन बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

हवलदार की पिस्टल छीनकर पुलिस पर फायरिंग का आरोप

रांची एसएसपी राकेश रंजन और सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, 3 अक्टूबर को बरियातू और मेसरा ओपी क्षेत्र में हुई छिनतई की घटनाओं के बाद पुलिस की विशेष टीम कोढ़ा गैंग की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने रांची में करीब एक दर्जन छिनतई की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की। आरोपियों ने चुड्डू गांव, रिंग रोड के पास झाड़ियों में हथियार छिपाए जाने की जानकारी भी दी।

पुलिस टीम आरोपियों को लेकर हथियार बरामद करने के लिए मौके पर पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आकाश यादव उर्फ रंगीला ने बरियातू थाना के हवलदार रवींद्र कुमार की सर्विस पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगा।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

पुलिस के अनुसार, आरोपी के भागने के दौरान बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। गोली आकाश यादव के पैर में लगी, जिसके बाद वह मौके पर गिर पड़ा।

घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया। वहीं, पुलिस ने उसके दो सहयोगियों अमन यादव और कार्तिक यादव उर्फ दिनेश को भी खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया।

चार जिलों में 40 से अधिक मुकदमों का दावा

पुलिस की जांच में गिरफ्तार आरोपियों के नेटवर्क को लेकर कई जानकारियां सामने आने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार, आकाश यादव उर्फ रंगीला पर झारखंड और बिहार के अलग-अलग थानों में 18 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि रांची के अलावा धनबाद, हजारीबाग और रामगढ़ में इस गैंग से जुड़े 40 से अधिक मामले दर्ज हैं।

बाइक से महिलाओं को बनाते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक, गिरोह शहरी इलाकों में सक्रिय था और बाइक से सुनसान रास्तों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं को निशाना बनाता था। आरोप है कि गिरोह के सदस्य पलक झपकते ही सोने की चेन छीनकर फरार हो जाते थे।

रांची पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान पांच सोने की चेन बरामद की गई हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *