मुजफ्फरपुर: श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (SKMCH) परिसर स्थित GNM कॉलेज के छात्रावास में शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब सेकेंड ईयर की एक छात्रा ने कथित तौर पर अधिक मात्रा में नींद की गोलियां खा लीं। तबीयत बिगड़ने के बाद छात्रा को तत्काल इलाज के लिए SKMCH लाया गया।
छात्रा की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ICU में भर्ती किया है। फिलहाल वह बेहोश है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर हॉस्टल में मचा हड़कंप
घटना के बाद छात्रावास में मौजूद सहपाठियों और हॉस्टल प्रबंधन ने छात्रा को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। छात्रा की हालत गंभीर होने के कारण उसे तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजनों को भी सूचना दी गई है। प्रबंधन अब यह पता लगाने में जुटा है कि छात्रा ने किन परिस्थितियों में दवाएं खाईं और उसे ये दवाएं कहां से मिलीं।
वार्डन पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप
अस्पताल में भर्ती छात्रा ने हॉस्टल की एक वार्डन पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। छात्रा के स्वजन और साथी छात्राओं ने भी वार्डन द्वारा उसे कथित तौर पर परेशान किए जाने की बात कही है।
हालांकि, इन आरोपों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अस्पताल प्रबंधन ने जांच के दिए आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए हैं। प्रबंधन की ओर से छात्राओं और हॉस्टल में छात्रा के साथ रहने वाली अन्य विद्यार्थियों से पूछताछ की जा रही है।
GNM कॉलेज के प्राचार्य राम अवतार शर्मा ने बताया कि छात्रा के बैच की सभी छात्राओं को बुलाकर जानकारी ली जा रही है। घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।
दवा कहां से मिली, इसकी भी होगी जांच
प्राचार्य के अनुसार, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि छात्रा ने दवा कहां से हासिल की और किस परिस्थिति में उसने उसका सेवन किया। छात्रावास की वार्डन किरण कुमारी से भी इस मामले में रिपोर्ट मांगी गई है।
पुलिस भी पूरे मामले की छानबीन कर रही है। छात्रा के होश में आने के बाद उसके बयान से घटना की परिस्थितियों को समझने में मदद मिल सकती है। फिलहाल प्रबंधन और पुलिस जांच के नतीजे का इंतजार किया जा रहा है।

