दुर्गा पूजा को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने दिए सुरक्षा के सख्त निर्देश

दुर्गा पूजा को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने दिए सुरक्षा के सख्त निर्देश

धनबाद। दुर्गा पूजा के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और यातायात को सुचारू बनाए रखने को लेकर धनबाद पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, आईपीएस अंकित सिन्हा समेत जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, रात्रि गश्ती, चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर नियंत्रण सहित लंबित आर्म्स एक्ट मामलों के निष्पादन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

हर पूजा पंडाल का निरीक्षण करेंगे थाना प्रभारी

एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के प्रत्येक दुर्गा पूजा पंडाल का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने का निर्देश दिया।

उन्होंने पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और अग्नि सुरक्षा के जरूरी इंतजाम सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाए।

पुलिस की ओर से पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया।

रात में चोरी और गृहभेदन रोकने के लिए 8 जोन में बांटा जिला

दुर्गा पूजा के दौरान चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की गई है। इसके लिए धनबाद जिले के सभी थाना क्षेत्रों को 8 जोन में बांटा गया है।

इन 8 जोन को आगे 3 सुपर जोन में विभाजित किया गया है। इंस्पेक्टर स्तर के नोडल थाना प्रभारी अपने-अपने जोन में रात के दौरान भ्रमणशील रहेंगे।

वहीं, डीएसपी और एसडीपीओ स्तर के अधिकारी संबंधित सुपर जोन में रात्रि गश्ती की निगरानी करेंगे। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि गश्ती में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

संवेदनशील इलाकों पर रहेगी विशेष निगरानी

बैठक में अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। पूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारी करने को कहा गया।

पुलिस अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर पूजा समितियों के साथ संपर्क बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

आर्म्स एक्ट के लंबित मामलों का दो माह में होगा निष्पादन

बैठक में लंबित आपराधिक मामलों की समीक्षा के साथ आर्म्स एक्ट के लंबित मामलों पर भी विशेष चर्चा हुई।

एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित आर्म्स एक्ट मामलों की समीक्षा करते हुए अगले दो माह के भीतर उनके निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी स्तरों पर सतर्कता जरूरी है। पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *