धनबाद क्रिकेट संघ बना रोल मॉडल, जेएससीए अध्यक्ष बोले- विपरीत परिस्थितियों में लिखी सफलता की कहानी

धनबाद क्रिकेट संघ बना रोल मॉडल, जेएससीए अध्यक्ष बोले- विपरीत परिस्थितियों में लिखी सफलता की कहानी

धनबाद। धनबाद क्रिकेट संघ (DCA) दूसरे जिला क्रिकेट संघों के लिए एक उदाहरण बनकर उभरा है। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद संघ की ओर से क्रिकेट गतिविधियों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने सराहना की।

रविवार को धनबाद के वेडिंग बेल्स में आयोजित DCA के वार्षिक समारोह में उन्होंने कहा कि धनबाद ने जिस तरह सीमित परिस्थितियों में क्रिकेट गतिविधियों को संचालित किया है, वह दूसरे जिला संघों के लिए भी सीख का विषय है।

कार्यक्रम में JSCA के सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम, पूर्व अध्यक्ष डॉ. नफीस अख्तर और कार्यकारिणी सदस्य परवेज खान समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

DCA की कार्यप्रणाली और खिलाड़ियों के जज्बे की

सराहना

अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि धनबाद राज्य का ऐसा जिला क्रिकेट संघ है, जो सोसाइटी एक्ट के तहत पंजीकृत है। उन्होंने DCA के संचालन को व्यवस्थित बताते हुए कहा कि संघ विपरीत परिस्थितियों में भी खिलाड़ियों के हित में काम कर रहा है।

उन्होंने स्थानीय क्रिकेटरों के खेल के दौरान चोट लगने के बावजूद मैदान पर डटे रहने का उदाहरण देते हुए कहा कि खिलाड़ियों में दिखाई देने वाली फाइटिंग स्पिरिट DCA के कामकाज में भी नजर आती है।

शाहदेव ने कहा कि धनबाद में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को और बेहतर करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि JSCA इस दिशा में DCA के साथ मिलकर काम कर रहा है और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि धनबाद से रतन कुमार और मनीष वर्द्धन जैसे लोग JSCA के स्तर पर क्रिकेट गतिविधियों में योगदान दे रहे हैं।

सौरभ तिवारी बोले- धनबाद में स्थानीय क्रिकेटरों में काफी संभावनाएं

JSCA सचिव सौरभ तिवारी ने कहा कि राज्य में बहुत कम ऐसे जिले हैं जहां धनबाद की तरह बड़ी संख्या में स्थानीय क्रिकेट मैच आयोजित होते हैं। उन्होंने धनबाद के क्रिकेटरों में प्रतिभा और संभावनाओं की बात कही।

तिवारी ने कहा कि धनबाद से लगातार अच्छे स्पिनर सामने आते रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में धनबाद से ऐसे खिलाड़ी सामने आएंगे, जो राज्य टीम की जरूरतों को पूरा कर सकें।

उन्होंने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में शतक लगाने वाले धनबाद के क्रिकेटर कोनैन कुरैशी की भी सराहना की। तिवारी ने कहा कि उनके लिए यह अभी शुरुआत है और भविष्य में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

शाहबाज नदीम ने स्कूल क्रिकेट से अपनी शुरुआत को किया याद

JSCA के संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम ने धनबाद से अपने क्रिकेट सफर की शुरुआत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने बचपन से धनबाद में क्रिकेट खेला और स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के जरिए आगे बढ़े।

नदीम ने धनबाद में स्कूल से लेकर क्लब स्तर तक क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करने की व्यवस्था की सराहना की। उनके अनुसार, खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव मिलने में यह व्यवस्था मददगार है।

उन्होंने धनबाद में बड़ी संख्या में टर्फ विकेट वाले मैदानों को DCA की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि दूसरे जिलों में भी इस तरह की क्रिकेट सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। JSCA की ओर से ग्राउंड फैसिलिटी विकसित करने में DCA को सहयोग देने की बात भी उन्होंने कही।

कोनैन कुरैशी और अनंदिता किशोर समेत खिलाड़ियों का सम्मान

कार्यक्रम की शुरुआत DCA अध्यक्ष मनोज कुमार द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में JSCA पदाधिकारियों की मौजूदगी DCA के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने DCA की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि JSCA के तीन टूर्नामेंटों में धनबाद की टीम चैंपियन रही है। उन्होंने कोनैन कुरैशी और अनंदिता किशोर जैसे खिलाड़ियों की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

वार्षिक समारोह में सत्र 2025-26 के विभिन्न टूर्नामेंटों की विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुने गए कोनैन कुरैशी, अनंदिता किशोर, सिद्धार्थ सिन्हा और वृष्टि कुमारी को भी सम्मान मिला।

चयन समिति के सदस्यों, JSCA टूर्नामेंट में चैंपियन टीम के खिलाड़ियों और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले राइजिंग चैरिटेबल ट्रस्ट समेत अन्य लोगों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में JSCA के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नफीस अख्तर, बोकारो जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पीएन सिंह सहित कई अतिथियों ने संबोधित किया। धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, आशनी सिंह, अभिषेक सिंह, एसएन सिंह, डीपीएस की प्राचार्य डॉ. सरिता सिन्हा, DCA महासचिव विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष रविजीत सिंह डांग सहित कई लोग मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *