धनबाद में मिलावटी पनीर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, गौतम डेयरी सील; 60 किलो से अधिक संदिग्ध पनीर जब्त

धनबाद में मिलावटी पनीर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, गौतम डेयरी सील; 60 किलो से अधिक संदिग्ध पनीर जब्त

धनबाद में खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की छापेमारी

धनबाद। मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए धनबाद जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक जांच और छापेमारी की गई।

सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में टीम ने धनबाद शहर के कई डेयरी और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान पनीर, घी और खोवा समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

प्रशासन के अनुसार, जांच में संदिग्ध पाए गए खाद्य पदार्थों को मौके पर जब्त किया गया, जबकि एकत्र किए गए नमूनों को रासायनिक परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रांची भेजा गया है।

गौतम डेयरी से 48 किलो संदिग्ध पनीर और घी-खोवा जब्त

कार्रवाई के दौरान टीम जब स्टील गेट स्थित गौतम डेयरी पहुंची तो प्रतिष्ठान का संचालक मौके से चला गया। जांच के दौरान दुकान का FSSAI लाइसेंस एक्सपायर्ड पाया गया।

प्रशासन की टीम ने प्रतिष्ठान से 48 किलोग्राम संदिग्ध पनीर, 2 किलोग्राम घी और खोवा जब्त किया। बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने और संचालक के मौके पर मौजूद नहीं रहने के बाद प्रशासन ने गौतम डेयरी को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

प्रशासन की कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और वैध लाइसेंस की जांच आगे भी जारी रहेगी।

राकेश डेयरी से 10 किलो संदिग्ध पनीर जब्त

खाद्य सुरक्षा टीम ने पुलिस लाइन स्थित राकेश डेयरी में भी जांच की। यहां से करीब 10 किलोग्राम संदिग्ध पनीर जब्त किया गया।

इसके अलावा शहर के अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से भी पनीर, घी और खोवा-मिठाई के नमूने लिए गए। इन नमूनों को आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इन प्रतिष्ठानों से भी लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने

जांच अभियान के दौरान सरायढेला स्थित रूफ 709, निर्मल स्वीट्स, रमेश डेयरी और बरटांड़ स्थित गंगा डेयरी में भी खाद्य पदार्थों की जांच की गई।

इन प्रतिष्ठानों से पनीर, घी और खोवा-मिठाई के नमूने संग्रहित किए गए। प्रशासन के अनुसार, मौके पर जांच के दौरान मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले पाए गए खाद्य पदार्थों को भी जब्त किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग अब प्रयोगशाला रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

पूरे जिले में जारी रहेगा खाद्य सुरक्षा अभियान

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा है कि जिले के लोगों को शुद्ध, स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

प्रशासन ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों और बिना वैध लाइसेंस के खाद्य कारोबार संचालित करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार, नवनियुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंदन साव, चंद्रदेव गंझू, जैस्मीन केरकेट्टा और नैना नायक सहित विभागीय कर्मी राहुल कुमार पासवान, राहुल कुमार, अमित कुमार और शुभम कुमार शामिल रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *