धनबाद में पेट्रोल पंप पर पिस्टल दिखाकर 80 हजार की लूट, बाइक सवार आरोपी फरार

धनबाद में पेट्रोल पंप पर पिस्टल दिखाकर 80 हजार की लूट, बाइक सवार आरोपी फरार

धनबाद: बलियापुर-भिखराजपुर हीरक मोड़ के पास स्थित इंडियन ऑयल के बिरसा सर्विस स्टेशन पेट्रोल पंप पर बुधवार देर रात हथियार के बल पर लूट की घटना सामने आई है। पेट्रोल पंप कर्मियों के अनुसार, बाइक सवार एक युवक पेट्रोल लेने के बहाने पंप पर पहुंचा और पिस्टल दिखाकर कर्मचारियों को धमकाते हुए करीब 80 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद बलियापुर थाना पुलिस जांच में जुट गई है।

पेट्रोल लेने के बहाने पंप पर पहुंचा युवक

बताया गया कि रात करीब 10 बजे पेट्रोल पंप का नियमित कामकाज समाप्त होने के बाद कर्मचारी कार्यालय में आराम करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे एक युवक बाइक से पेट्रोल पंप पर पहुंचा।

कर्मचारियों के मुताबिक, युवक पेट्रोल देने की मांग को लेकर जिद करने लगा। बातचीत के दौरान वह कार्यालय के अंदर प्रवेश कर गया। इसके बाद कथित तौर पर उसने पिस्टल निकालकर कर्मचारियों को धमकाया।

पिस्टल दिखाकर नकदी देने को किया मजबूर

कर्मचारियों का आरोप है कि हथियार दिखाकर युवक ने कार्यालय में रखी नकदी निकालकर देने को कहा। डर के कारण कर्मचारियों ने ड्रॉअर में रखे करीब 80 हजार रुपये उसे सौंप दिए।

नकदी लेने के बाद आरोपी मौके से निकल गया। घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और इसकी जानकारी प्रबंधक को दी गई।

पीछा करने पर हीरक रोड की ओर भागा

घटना के समय पंप के ऊपरी तल पर मौजूद प्रबंधक जानकारी मिलने के बाद नीचे पहुंचे। कर्मचारियों और प्रबंधक ने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह बाइक से हीरक रोड की ओर भाग निकला।

कर्मचारियों के अनुसार, आरोपी धनबाद की दिशा में फरार हुआ। हालांकि, पीछा करने के बावजूद उसे पकड़ा नहीं जा सका।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद बलियापुर थाना पुलिस पेट्रोल पंप पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी आरोपी की तलाश की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पेट्रोल पंप कर्मचारियों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। लिखित शिकायत और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *