अमेरिका के मिशिगन में नियमित ट्रेनिंग अभ्यास के दौरान टेक्सास का एक F-16 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा गुरुवार को एक ग्रामीण इलाके में हुआ। हादसे से पहले पायलट ने विमान से सुरक्षित इजेक्ट कर लिया। इसके बाद उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
ट्रेनिंग मिशन पर था F-16
149वें फाइटर विंग के पब्लिक अफेयर्स विशेषज्ञ सार्जेंट डेरेक गुटिरेज के मुताबिक, F-16 विमान मिशिगन के एल्पेना स्थित नेशनल गार्ड बेस में चल रहे प्रशिक्षण अभ्यास का हिस्सा था।
यह जगह डेट्रॉयट से करीब 305 किलोमीटर उत्तर में स्थित है।
सैन्य अधिकारियों ने पायलट की पहचान और उसकी चोटों से जुड़ी जानकारी देने से इनकार किया। अधिकारियों के मुताबिक, सैन्य नीति के तहत ऐसी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती।
हादसे के बाद दिखाई दिया काले धुएं का गुबार
विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आसपास रहने वाले लोगों ने तेज धमाके की आवाज सुनने की बात कही। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में आसमान में काले धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दे रहा है।
स्थानीय निवासी वेंडी सोबेक ने बताया कि उन्होंने और उनके पति ने अपने घर के पास अचानक बहुत तेज धमाके की आवाज सुनी।
पहले लगा कार का एक्सीडेंट हुआ है
वेंडी सोबेक ने बताया कि तेज आवाज सुनकर उन्हें लगा कि घर के बाहर सड़क पर किसी कार का एक्सीडेंट हुआ है। इसके बाद उन्होंने काले धुएं का बड़ा गुबार देखा।
उनके पति पिकअप ट्रक से मौके पर पहुंचे तो खेत में विमान का मलबा पड़ा हुआ दिखाई दिया। सोबेक के मुताबिक, घटनास्थल पर लगातार धमाकों की आवाज भी आ रही थी।
हादसे की जांच जारी
F-16 दुर्घटना के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है। टेक्सास मिलिट्री डिपार्टमेंट के प्रवक्ता ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
अमेरिकी वायुसेना के मुताबिक, F-16 Fighting Falcon एक मल्टी-रोल फाइटर जेट है, जिसे हवा से हवा में लड़ाई और हवा से जमीन पर हमले जैसे अलग-अलग मिशनों के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

