धनबाद, 16 सितंबर 2026। भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों में संचालित विद्यालयों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। इसी मुद्दे को लेकर बुधवार शाम समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त सन्नी राज की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभावित क्षेत्रों में स्थित विद्यालय भवनों की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा और संभावित स्थानांतरण की जरूरत की समीक्षा की गई।
तत्काल स्थानांतरण योग्य स्कूलों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट करने का निर्देश
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों से अलग-अलग विद्यालयों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि जो विद्यालय भवन तत्काल स्थानांतरण योग्य पाए जाते हैं, उन्हें बिना देरी किए सुरक्षित वैकल्पिक भवन या स्थान पर शिफ्ट किया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों के स्थानांतरण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को विद्यालयवार स्थिति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

स्कूल के पास खनन कार्य पर रोक की दिशा में कार्रवाई
बैठक में एक विद्यालय के समीप चल रहे खनन कार्य का मामला भी सामने आया। इस पर उप विकास आयुक्त ने संबंधित खनन कंपनी को कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने संबंधित विभाग को आवश्यक पत्राचार करते हुए विद्यालय की सुरक्षा को ध्यान में रखकर खनन कार्य पर तत्काल रोक लगाने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
खनन और भू-धंसान क्षेत्र के स्कूल होंगे चिन्हित
उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खनन क्षेत्र, भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र और सुरक्षित जोन से बाहर स्थित विद्यालयों को तत्काल चिन्हित किया जाए। जरूरत के अनुसार ऐसे विद्यालयों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।
प्रशासन की ओर से विद्यालयों की स्थिति का विद्यालयवार आकलन करने पर भी जोर दिया गया, ताकि सुरक्षा से जुड़े मामलों में समय रहते निर्णय लिया जा सके।
फायर जोन के स्कूलों का भी होगा स्थल निरीक्षण
बैठक में फायर जोन में आने वाले विद्यालयों की पहचान करने का भी निर्देश दिया गया। इसके लिए संबंधित टीम को मौके पर जाकर स्थल निरीक्षण करने को कहा गया।
स्थल निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवनों की सुरक्षा स्थिति की जांच की जाएगी। आवश्यकता पाए जाने पर ऐसे विद्यालयों के स्थानांतरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी संजय कुमार झा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के विभिन्न एरिया के महाप्रबंधक तथा स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) की टाटा परियोजना सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

