मोदी के जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं के बीच बांटे दीपक
धनबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कार्यकर्ताओं के बीच दीपक बांटे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के जन्मदिन से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी।
राज सिन्हा ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भगवान विश्वकर्मा का जन्मदिन है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इस अवधि में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी आएगी।
रक्तदान से होगी अभियान की शुरुआत
विधायक राज सिन्हा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को रक्तदान कार्यक्रम से की जाएगी। इसके बाद शाम को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने का काम किया, उनके सम्मान और आशीर्वाद के भाव के साथ दीप जलाए जाएंगे। राज सिन्हा ने दावा किया कि बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दीप जलाकर उन्हें आशीर्वाद देंगे।
उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब परिवारों को राशन, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, आवास योजना के तहत घर और आयुष्मान भारत के माध्यम से इलाज की सुविधा मिल रही है।
UPI सरचार्ज के सवाल पर क्या बोले राज सिन्हा?
सरकार की ओर से UPI ट्रांजेक्शन पर सरचार्ज लगाए जाने से जुड़े सवाल पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि 2,000 रुपये तक के लेनदेन पर कोई सरचार्ज नहीं है और पर्सन-टू-पर्सन ट्रांजेक्शन पर भी कोई शुल्क नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि UPI के 76 प्रतिशत ट्रांजेक्शन पर्सन-टू-पर्सन होते हैं, जबकि करीब 21 प्रतिशत ट्रांजेक्शन पर्सन-टू-मर्चेंट होते हैं। उन्होंने कहा कि UPI सुविधा संचालित करने में सरकार को भी खर्च करना पड़ता है।
राज सिन्हा ने कहा कि लोगों को UPI के जरिए किसी भी समय पैसे भेजने की सुविधा मिली है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि रात 12 बजे भी लोग डिजिटल तरीके से पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं और उन्हें बैंक खुला होने का इंतजार नहीं करना पड़ता।
‘लोगों के जीवन में सुविधा बढ़ी है’
विधायक ने कहा कि डिजिटल भुगतान की सुविधा से लोगों के लिए लेनदेन आसान हुआ है। उन्होंने UPI को लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी सुविधा बताते हुए कहा कि सरकार की ओर से इसके संचालन पर होने वाले खर्च को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।
इस दौरान विधायक राज सिन्हा ने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान में भाग लेने और कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की।
