पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। दोनों सीटों पर टीएमसी के अलग-अलग गुटों ने अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा नंदीग्राम सीट की हो रही है, जिसे शुभेंदु अधिकारी का गढ़ माना जाता है।
ममता बनर्जी की टीएमसी ने नंदीग्राम से संचिता प्रधान डे को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने मोहम्मद एतेशामुल हक को उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया है।
कांग्रेस ने भी अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है, जबकि बीजेपी ने अभी अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है।
अबू ताहिर बोले- नंदीग्राम में TMC हारेगी
इसी बीच टीएमसी नेता अबू ताहिर के बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने दावा किया है कि नंदीग्राम में टीएमसी की हार होगी और बीजेपी चुनाव जीतेगी।
एबीपी आनंदा के मुताबिक, अबू ताहिर ने ममता बनर्जी के फैसले पर सवाल उठाते हुए संचिता प्रधान डे को उम्मीदवार बनाए जाने पर भी नाराजगी जताई।
उन्होंने सवाल किया कि 2026 के चुनाव के दौरान पार्टी की कोर कमेटी हुआ करती थी, लेकिन अब वह कहां है?
‘नतीजा टीएमसी की हार होगी’
अबू ताहिर ने कहा कि उनके जैसे कार्यकर्ता, जेल में बंद लोग और बेघर कार्यकर्ता अभी भी तृणमूल कांग्रेस के झंडे के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी के कार्यकर्ताओं को ही फैसलों की जानकारी नहीं है, तो आम कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को कैसे पता चलेगा।
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अगर पार्टी के नेता इस स्थिति को नहीं समझते हैं, तो उनके पास करने के लिए कुछ नहीं है और नतीजा तृणमूल कांग्रेस की हार होगी।
संचिता प्रधान डे ने दिया जवाब
अबू ताहिर के बयान पर टीएमसी उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने कहा कि उन्हें पार्टी की नेता ममता बनर्जी ने उम्मीदवार बनाया है।
उन्होंने कहा कि वह पार्टी की कार्यकर्ता रही हैं, इसलिए उन्हें टिकट दिया गया है। चुनाव की रणनीति वही होगी, जो पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी तय करेंगी।
पहले भी ममता के नेतृत्व पर सवाल उठा चुके हैं अबू ताहिर
अबू ताहिर इससे पहले भी ममता बनर्जी के नेतृत्व और पार्टी की स्थिति पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने पहले भी दावा किया था कि नंदीग्राम में बीजेपी जीत सकती है।
पंचायत समिति के पूर्व उपाध्यक्ष अबू ताहिर ने कहा था कि पार्टी मुश्किल दौर से गुजर रही है। उनके मुताबिक, 2021 और 2026 में पार्टी को दो बार हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि राजनीति में एक जीतता है और दूसरा हारता है।
6 अक्टूबर को होगा उपचुनाव
6 अक्टूबर को होने वाला नंदीग्राम उपचुनाव काफी अहम माना जा रहा है। 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी ने नंदीग्राम से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें अपने पूर्व सहयोगी शुभेंदु अधिकारी के हाथों हार मिली थी।
इस बार शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीते थे। हालांकि, बाद में उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ने का फैसला किया। इसके बाद यहां उपचुनाव हो रहा है।

