इस्लामाबाद में SCO-RATS की बैठक, भारत की ओर से सत्यांजल पांडे ने लिया हिस्सा

इस्लामाबाद में SCO-RATS की बैठक, भारत की ओर से सत्यांजल पांडे ने लिया हिस्सा

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में 14 सितंबर को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के रीजनल एंटी-टेररिस्ट स्ट्रक्चर (RATS) काउंसिल की 46वीं बैठक हुई. इस बैठक की अध्यक्षता पाकिस्तान ने की.

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक बैठक में भारत, बेलारूस, ईरान, कजाकिस्तान, चीन, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के प्रतिनिधिमंडलों ने हिस्सा लिया. इसके अलावा SCO RATS की कार्यकारी समिति के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद रहे.

भारत की ओर से कौन शामिल हुआ?

बैठक के बाद पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने ग्रुप फोटो जारी की. इसमें पाकिस्तान में भारत के चार्ज डी अफेयर्स डॉ. सत्यांजल पांडे भारत के प्रतिनिधि के तौर पर नजर आए.

वहीं पाकिस्तान की ओर से विदेश मंत्रालय की काउंटर टेररिज्म यूनिट की महानिदेशक डॉ. फरहा बुगती ने प्रतिनिधित्व किया और बैठक की अध्यक्षता की.

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के अनुसार, बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े अंतरराष्ट्रीय एजेंडे के मौजूदा मुद्दों पर चर्चा हुई.

बैठक में SCO-RATS काउंसिल ने ईरान के खिलाफ हुए नए सैन्य हमलों की निंदा की और इस मुद्दे पर SCO की पहले व्यक्त की गई स्थिति को दोहराया.

आतंकवाद और उग्रवाद पर हुई चर्चा

बैठक में आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद से निपटने के लिए SCO देशों के बीच सहयोग और समन्वय से जुड़े पहले लिए गए फैसलों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई.

इसके अलावा इन तीनों चुनौतियों से निपटने के लिए SCO RATS की कार्यकारी समिति और विशेषज्ञ समूहों की एक्शन प्लान को मंजूरी दी गई.

सदस्य देशों के बीच सूचना के आदान-प्रदान और सहयोग को मजबूत करने के लिए सूचना ढांचे की स्थापना और उसके विकास से जुड़े फैसले भी लिए गए.

2027 में संयुक्त सूचना अभियान पर सहमति

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बैठक में सभी सदस्य देशों ने 2027 में आतंकवाद से निपटने के लिए एक संयुक्त सूचना अभियान चलाने पर सहमति जताई.

इसके अलावा आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद के लिए इंटरनेट के इस्तेमाल को रोकने के तरीकों पर सेमिनार आयोजित करने का फैसला हुआ.

SCO सदस्य देशों की संबंधित एजेंसियों के बीच एक संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभ्यास आयोजित करने पर भी सहमति बनी.

अगली बैठक ताशकंद में होगी

बैठक में आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद से निपटने के क्षेत्र में SCO सदस्य देशों और एक SCO पर्यवेक्षक देश के बीच सहयोग पर 13वीं अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक और व्यावहारिक कॉन्फ्रेंस को लेकर भी चर्चा हुई. यह कॉन्फ्रेंस कजाकिस्तान में आयोजित की जाएगी.

इसके अलावा SCO RATS की कार्यकारी समिति के कामकाज से जुड़े संगठनात्मक और स्टाफिंग मुद्दों पर भी चर्चा हुई.

बैठक के दौरान SCO RATS काउंसिल की अध्यक्षता पाकिस्तान से रूस को सौंप दी गई.

साथ ही SCO RATS की अगली बैठक कार्यकारी समिति के परिसर ताशकंद में आयोजित करने पर सहमति बनी.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *