पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ ने 52 साल की उम्र में दूसरी शादी कर ली है. उन्होंने आयरिश-ऑस्ट्रेलियाई फाइनेंसर कैमरन ओ’रेली से शादी की है.
जेमिमा के भाई बेन गोल्डस्मिथ ने उनकी शादी की पुष्टि की है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर जेमिमा और कैमरन की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘कितनी खुशी का दिन है.’
जेमिमा और कैमरन एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं. दोनों पिछले एक साल से डेट कर रहे थे.
9 साल चला इमरान खान और जेमिमा का रिश्ता
जेमिमा गोल्डस्मिथ और इमरान खान की शादी साल 1995 में हुई थी. करीब 9 साल बाद 2004 में दोनों ने अलग होने का फैसला किया. इसके बाद 2005 में दोनों का तलाक हो गया.
दोनों के दो बेटे हैं, जिनके नाम सुलेमान और कासिम हैं.
जेमिमा के दोनों बेटे पाकिस्तान में अपने पिता इमरान खान के साथ हो रहे व्यवहार और उनके स्वास्थ्य को लेकर सार्वजनिक तौर पर आवाज उठाते रहे हैं.
जेमिमा भी कई बार इमरान खान के समर्थन में बोल चुकी हैं. उन्होंने पिछले महीने पाकिस्तान की स्थिति को मानवाधिकार आपातकाल बताया था और ब्रिटेन में अपने बेटों की ओर से चलाए जा रहे अभियान का समर्थन किया था.
इमरान खान के लिए आवाज उठाती रही हैं जेमिमा
जेमिमा ने इमरान खान के ब्रिटेन से संबंधों का जिक्र करते हुए कहा था कि उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की, वहां क्रिकेट खेला और बाद में कई वर्षों तक इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट भी खेला.
जेमिमा ने इमरान खान की ओर से संचालित फ्री कैंसर अस्पताल और एक यूनिवर्सिटी की स्थापना का भी जिक्र किया था.
उन्होंने कहा था कि उनके बेटे हजारों मील दूर से अपने पिता के बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर आवाज उठा रहे हैं. जेमिमा का आरोप था कि उनके बेटों को अपने पिता से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है और उन्हें गिरफ्तारी की धमकी भी दी गई थी.
फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री के काम के दौरान हुई मुलाकात
इमरान खान से तलाक के बाद जेमिमा का नाम ब्रिटेन की कई चर्चित हस्तियों के साथ जुड़ा. बाद में उनकी मुलाकात कैमरन ओ’रेली से हुई.
जेमिमा और कैमरन दोनों की फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री में दिलचस्पी थी. इसी क्षेत्र में काम के दौरान दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आए.
जेमिमा इंस्टिंक्ट प्रोडक्शंस की फाउंडर हैं. उन्होंने कई टेलीविजन और फिल्म प्रोजेक्ट पर काम किया है. इसके अलावा उन्होंने द न्यू स्टेट्समैन और वैनिटी फेयर जैसे पब्लिकेशन्स के साथ भी काम किया है.
वह लंबे समय से मानवाधिकार से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी राय रखती रही हैं.
कौन हैं कैमरन ओ’रेली?
कैमरन ओ’रेली की उम्र 62 साल है. वह दिवंगत मीडिया कारोबारी और पूर्व इंटरनेशनल रग्बी खिलाड़ी सर एंथनी ओ’रेली के बेटे हैं.
कैमरन के पास आयरिश और ऑस्ट्रेलियाई नागरिकता है. उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की और इसके बाद फाइनेंस के क्षेत्र में करियर शुरू किया.
उन्होंने अपने पिता की मीडिया कंपनी इंडिपेंडेंट न्यूज एंड मीडिया में काम किया. इसके बाद वह ऑस्ट्रेलियाई मीडिया कंपनी एपीएन न्यूज एंड मीडिया से जुड़े, जहां उन्होंने साल 2000 तक CEO की जिम्मेदारी संभाली.
इसके बाद कैमरन ने प्राइवेट इक्विटी के क्षेत्र में कदम रखा. साल 2003 में उन्होंने बेयार्ड कैपिटल की स्थापना की. यह कंपनी टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कारोबार में निवेश करती है.
2.3 अरब डॉलर में बेची थी कंपनी
बेयार्ड कैपिटल के जरिए कैमरन ने स्विट्जरलैंड की मीटरिंग कंपनी लैंडिस+जीवाईआर का अधिग्रहण किया.
कंपनी के CEO के तौर पर उन्होंने साल 2011 में इसे Toshiba को करीब 2.3 अरब डॉलर में बेच दिया.
कैमरन की पिछली पत्नी इल्से ओ’रेली से चार बच्चे हैं. दोनों करीब 20 साल तक साथ रहे और इसके बाद 2022 में अलग हो गए.
अब जेमिमा गोल्डस्मिथ और कैमरन ओ’रेली ने शादी कर ली है.

