जकार्ता: इंडोनेशिया में 241 यात्रियों को लेकर जा रहे एक यात्री जहाज से संपर्क टूटने के बाद रविवार को बड़े स्तर पर तलाशी और बचाव अभियान शुरू किया गया। विर्गो ट्रांसपोर्ट 8 नाम का यह जहाज पूर्वी जावा से दक्षिण कालीमंतन जा रहा था। इसी दौरान जावा सागर में उससे संपर्क टूट गया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जहाज रास्ते में खराब मौसम की चपेट में आया था। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
रात करीब 2 बजे टूटा संपर्क
अधिकारियों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 2 बजे बंजारमासिन के खोज एवं बचाव कार्यालय को जहाज से संपर्क टूटने की जानकारी मिली।
जहाज के संचालक ने अधिकारियों को बताया कि जहाज खराब मौसम का सामना कर रहा था। इसके बाद से ही उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
विर्गो ट्रांसपोर्ट 8 शनिवार सुबह करीब 10:13 बजे सुरबाया से बंजारमासिन के लिए रवाना हुआ था।
आखिरी लोकेशन बंजारमासिन से 148 किमी दूर
अधिकारियों के मुताबिक, जहाज की आखिरी लोकेशन जावा सागर में बंजारमासिन के एक पियर से करीब 148 किलोमीटर दूर मिली थी।
जहाज के रिकॉर्ड के अनुसार, उसमें 241 यात्री सवार थे। हालांकि, अभी तक किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
जहाज का संचालन करने वाली कंपनी PT Virgo Yoel Rihi ने भी जहाज से संपर्क टूटने की पुष्टि की है।
बचाव जहाज को भेजा गया
घटना की जानकारी मिलते ही बचाव दल को बंजारमासिन के बसिरिह खोज एवं बचाव पियर पर भेजा गया। इसके अलावा एक बचाव जहाज को जहाज की आखिरी ज्ञात लोकेशन की ओर रवाना किया गया है।
तलाशी अभियान का नेतृत्व कर रहे अधिकारियों ने बताया कि जहाज में बड़ी संख्या में यात्री और चालक दल के सदस्य हैं। इसलिए उपलब्ध सभी कर्मचारियों और संसाधनों को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है।
फिलहाल बचाव दल जहाज और उसमें सवार लोगों की तलाश में जुटा है। अधिकारियों की नजर खराब मौसम की स्थिति पर भी बनी हुई है।

