UP विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू, वाराणसी में EVM की फर्स्ट लेवल चेकिंग को लेकर अधिकारियों को ट्रेनिंग

UP विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू, वाराणसी में EVM की फर्स्ट लेवल चेकिंग को लेकर अधिकारियों को ट्रेनिंग

वाराणसी: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को वाराणसी में EVM की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) को लेकर एक वर्कशॉप आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों को EVM की जांच, सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े जरूरी नियमों की जानकारी दी गई।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने बताया कि यह विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दिशा में पहला कदम है। वर्कशॉप में पूर्वी उत्तर प्रदेश के 6 मंडलों के जिलाधिकारियों को बुलाया गया था।

क्या होती है EVM की फर्स्ट लेवल चेकिंग?

FLC के दौरान यह जांच की जाती है कि चुनाव में इस्तेमाल होने वाली सभी EVM सही तरीके से काम कर रही हैं या नहीं।

मशीन के सभी बटन दबाकर देखा जाता है कि सही उम्मीदवार के खाते में वोट दर्ज हो रहा है या नहीं। साथ ही वोटों की गिनती भी सही तरीके से हो रही है या नहीं, इसकी जांच की जाती है।

यह पूरी प्रक्रिया BEL के इंजीनियरों की मौजूदगी में होती है। इसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाता है, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे और राजनीतिक दलों को मशीनों की जांच के बारे में जानकारी मिल सके।

EVM की सुरक्षा पर भी दी गई जानकारी

वर्कशॉप में अधिकारियों को EVM की सुरक्षा से जुड़े नियमों की भी ट्रेनिंग दी गई। इसमें बताया गया कि मशीनों को वेयरहाउस और स्ट्रांग रूम में रखते समय किन सावधानियों का ध्यान रखना है।

इसके अलावा EVM को एक जगह से दूसरी जगह ले जाते समय किन सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी है, इसकी भी जानकारी दी गई।

जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और हर जिले में FLC सुपरवाइजर बनाए जाने वाले वरिष्ठ अधिकारियों को भी ट्रेनिंग दी गई।

CCTV से होगी पूरी प्रक्रिया की निगरानी

चुनाव आयोग के नए निर्देशों के बारे में भी अधिकारियों को जानकारी दी गई। EVM की FLC प्रक्रिया की CCTV से रिकॉर्डिंग की जाएगी। इसकी निगरानी चुनाव आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी करेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी रोजाना FLC प्रक्रिया की निगरानी करेंगे, ताकि किसी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी न हो।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने कहा कि आज की वर्कशॉप विधानसभा चुनाव की तैयारियों की शुरुआत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी चुनाव भी पिछले लोकसभा चुनाव की तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *