नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता की झलक नई दिल्ली में चल रहे BRICS बिजनेस फोरम 2026 के दौरान देखने को मिली। कार्यक्रम में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम खत्म होने के बाद एक ऐसा वीडियो सामने आया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में कुछ महिला बिजनेस लीडर्स प्रधानमंत्री मोदी के साथ फोटो खिंचवाने के लिए उत्साहित नजर आ रही हैं। पीएम मोदी ने भी उन्हें निराश नहीं किया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
महिला ने पीएम मोदी से मांगी फोटो की इजाजत
वीडियो में बुर्का पहने एक महिला प्रधानमंत्री मोदी से पूछती हैं कि क्या वह उनके साथ फोटो खिंचवा सकती हैं। पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “यस, ऑफ कोर्स” यानी “हां, बिल्कुल।”
इसके बाद प्रधानमंत्री उनके साथ फोटो खिंचवाते हैं। इसी दौरान कुछ अन्य महिलाएं भी पीएम मोदी से फोटो के लिए अनुरोध करती हुई नजर आती हैं।
पुतिन और पेजेश्कियान भी रहे मौजूद
जब यह सब हो रहा था, उस समय रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान भी वहां मौजूद थे। पीएम मोदी ने कुछ देर उनसे बातचीत की और फिर महिलाओं के साथ फोटो खिंचवाने चले गए।
वहीं पुतिन मुस्कुराते हुए दूसरे नेताओं के साथ आगे बढ़ गए। फोटो खिंचवाने के दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने महिलाओं से कहा कि वे काफी भाग्यशाली हैं कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के साथ तस्वीर खिंचवाने का मौका मिला।
BRICS सम्मेलन में जुट रहे कई देशों के नेता
भारत में 12 और 13 सितंबर को 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान भारत पहुंच चुके हैं।
वहीं, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी शनिवार को भारत पहुंचने वाले हैं। सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

