नई दिल्ली: BRICS बिजनेस समिट 2026 में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने BRICS की बढ़ती आर्थिक ताकत का जिक्र करते हुए G7 पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में BRICS देशों की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है, जबकि G7 की हिस्सेदारी कम हो रही है।
पुतिन ने कहा कि दुनिया की अर्थव्यवस्था में BRICS देशों की हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी है, जबकि G7 की हिस्सेदारी लगभग 18 फीसदी है। इसी को लेकर उन्होंने G7 के मौजूदा प्रभाव पर सवाल उठाते हुए कहा, “मुझे नहीं पता कि वे उन्हें ऐसा क्यों कहते हैं।”
वैश्विक आर्थिक विकास में BRICS का बड़ा योगदान
पुतिन ने कहा कि पिछले पांच सालों में दुनिया की GDP में जितनी बढ़ोतरी हुई, उसमें BRICS देशों का योगदान 40 फीसदी से ज्यादा रहा। वहीं, G7 देशों का योगदान करीब 29 फीसदी बताया।
उन्होंने कहा कि ये आंकड़े दिखाते हैं कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में BRICS का महत्व लगातार बढ़ रहा है।
BRICS की बड़ी आबादी बनी ताकत
रूसी राष्ट्रपति ने BRICS की आर्थिक मजबूती की एक बड़ी वजह इन देशों की बड़ी आबादी को बताया। उनके मुताबिक, दुनिया की आधी से ज्यादा आबादी BRICS देशों में रहती है।
इस वजह से इन देशों में बड़े और तेजी से बढ़ते घरेलू बाजार हैं। बड़ी आबादी के कारण यहां खरीदारी, कारोबार और निवेश के बड़े अवसर पैदा होते हैं, जो आर्थिक विकास को आगे बढ़ाने में मदद करते हैं।
G7 के मुकाबले बढ़ रहा BRICS का प्रभाव
पुतिन के मुताबिक, BRICS देशों के बड़े घरेलू बाजार और आर्थिक गतिविधियां समूह को मजबूत बना रही हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक GDP और आर्थिक विकास में BRICS की बढ़ती हिस्सेदारी बताती है कि दुनिया की अर्थव्यवस्था में इस समूह का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है।

