BRICS समिट से पहले दिल्ली एयरपोर्ट की बड़ी तैयारी, टर्मिनल-3 का पियर C इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए खुलेगा

BRICS समिट से पहले दिल्ली एयरपोर्ट की बड़ी तैयारी, टर्मिनल-3 का पियर C इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए खुलेगा

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में होने वाले BRICS समिट से पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए बड़ी तैयारी की गई है। एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के पियर C को इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए खोला जा रहा है। इसके पूरी तरह शुरू होने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को संभालने की क्षमता करीब 50 फीसदी बढ़ जाएगी।

9 सितंबर की रात से शुरू होगा संचालन

दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के मुताबिक, 9 सितंबर की रात से पियर C पर इंटरनेशनल फ्लाइट्स का संचालन धीरे-धीरे शुरू होगा।

शुरुआत में यहां सिर्फ विदेश से आने वाली यानी इंटरनेशनल अराइवल फ्लाइट्स को संभाला जाएगा। इसके बाद 10 सितंबर की शाम से इंटरनेशनल अराइवल और डिपार्चर, दोनों सेवाएं शुरू हो जाएंगी।

एयरपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा और ऑपरेशन से जुड़ी सभी जरूरी जांच और मंजूरियां पूरी कर ली गई हैं।

सालाना 3.1 करोड़ इंटरनेशनल यात्रियों की क्षमता

पियर C के पूरी तरह चालू होने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट की इंटरनेशनल यात्री क्षमता बढ़कर सालाना करीब 3.1 करोड़ यात्रियों तक पहुंच जाएगी। यह मौजूदा क्षमता से करीब 50 फीसदी ज्यादा होगी।

इसके अलावा टर्मिनल-3 पर बड़े और नई पीढ़ी के वाइड-बॉडी विमानों को संभालने की क्षमता भी बढ़ेगी।

BRICS समिट के लिए खास तैयारी

दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक 18वां BRICS लीडर्स समिट आयोजित होना है। इसका मुख्य कार्यक्रम भारत मंडपम में होगा। इसमें कई देशों के नेता, बड़े प्रतिनिधिमंडल और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के अधिकारी शामिल होंगे।

ऐसे में समिट के दौरान दिल्ली एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इसे देखते हुए एयरपोर्ट पर पहले से तैयारियां की जा रही हैं।

DIAL के मुताबिक, CISF, इमिग्रेशन, कस्टम्स, एयरलाइंस और दूसरी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर पूरी व्यवस्था तैयार की गई है।

एयरपोर्ट की टीमें 24 घंटे काम कर रही हैं, ताकि BRICS समिट के दौरान बढ़ने वाले यात्री ट्रैफिक के बावजूद फ्लाइट संचालन और यात्रियों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *