रांची। रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह बुधवार को मोरहाबादी स्थित दीक्षांत मंडप में आयोजित किया जाएगा। समारोह में स्नातकोत्तर, पीएचडी, डी-लिट, डीएससी, एमडी, एमएस और एलएलएम समेत 15 विषयों के कुल 6923 विद्यार्थियों की डिग्री को मंजूरी मिलेगी। इनमें से 3353 विद्यार्थियों को समारोह के दौरान डिग्री प्रदान की जाएगी।
समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार होंगे। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और मानद उपाधि प्राप्त करने वाले दोनों शिक्षाविद विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
58 विद्यार्थियों को मिलेंगे 71 गोल्ड मेडल
इस बार दीक्षांत समारोह में 58 विद्यार्थियों के बीच कुल 71 गोल्ड मेडल वितरित किए जाएंगे। इनमें 44 छात्राएं और 14 छात्र शामिल हैं। कुल गोल्ड मेडल में 13 प्रायोजित गोल्ड मेडल भी शामिल हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, मेधावी विद्यार्थियों को समारोह के दौरान विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। छात्राओं की बड़ी संख्या में गोल्ड मेडल हासिल करना इस वर्ष के दीक्षांत समारोह की खास उपलब्धियों में शामिल है।
दो शिक्षाविदों को दी जाएगी मानद डी-लिट उपाधि
समारोह में दो प्रतिष्ठित शिक्षाविदों को डी-लिट की मानद उपाधि प्रदान की जाएगी। इनमें नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल प्लानिंग एंड एडमिनिस्ट्रेशन, नई दिल्ली की कुलपति प्रो. शशिकला बंजारी शामिल हैं।
इसके अलावा लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति और वर्तमान में आईआईएम कोलकाता के निदेशक प्रो. आलोक राय को भी मानद डी-लिट उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।
रांची विश्वविद्यालय के सिंडिकेट ने मंगलवार को डिग्रियों, गोल्ड मेडल और दोनों मानद उपाधियों को मंजूरी प्रदान की।
राज्यपाल के निर्देश पर समारोह के खर्च में कटौती
रांची विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सरोज राय और परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राज्यपाल के निर्देश के बाद इस बार दीक्षांत समारोह के खर्च में कटौती की गई है।
हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खर्च कम करने के बावजूद विद्यार्थियों के हित और कार्यक्रम की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया गया है।
दीक्षांत समारोह के दौरान रांची विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट विभाग की ओर से विश्वविद्यालय के 66 वर्षों के इतिहास पर आधारित नृत्य-नाटिका भी प्रस्तुत की जाएगी। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक के सफर को प्रदर्शित किया जाएगा।
विद्यार्थियों को सुबह 8:30 बजे तक पहुंचने का निर्देश
समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को सुबह 8:30 बजे तक दीक्षांत मंडप पहुंचने का निर्देश दिया गया है। छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है।
वहीं, दीक्षांत समारोह के दिन भी रांची विश्वविद्यालय के सभी पीजी विभाग खुले रहेंगे। विभागों में नियमित रूप से पठन-पाठन का कार्य जारी रहेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रजिस्ट्रार डॉ. राजकुमार शर्मा, डीएसडब्ल्यू डॉ. सुदेश कुमार साहू सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

